Dhamtari Viral Video : धमतरी में हैवानियत…युवक से चप्पल पर थूकवाकर की पिटाई…! ‘बाप बोल’ कहकर किया अपमान…Video Viral के बाद आरोपी गिरफ्तार
आरोपी खुद ही वायरल किया Video, ग्रामीणों ने सिखाया सबक
धमतरी, 30 जून। Dhamtari Viral Video : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से सामने आए एक वायरल वीडियो ने कानून-व्यवस्था और बढ़ते अपराधों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक एक अन्य युवक को चप्पलों से पीटते, अपमानित करते और जबरन ‘बाप बोल’ कहलवाते नजर आ रहे हैं। पीड़ित युवक बार-बार छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी लगातार मारपीट करते रहे और पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
जानकारी के मुताबिक मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक धमतरी जिले के खरतुली गांव का निवासी है, जबकि वीडियो में दिखाई देने वाले मुख्य आरोपी की पहचान लोहरसी निवासी खिलावन साहू के रूप में हुई है। वायरल वीडियो में आरोपी युवक पीड़ित को चप्पल पर थूकने के लिए मजबूर करते हैं और फिर उसी चप्पल से उसकी पिटाई करते दिखाई देते हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपियों ने इस पूरी घटना को रिकॉर्ड कर खुद सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो वायरल होते ही भड़के ग्रामीण
घटना का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। बताया जा रहा है कि आरोपी जैसे ही गांव पहुंचा, ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में आरोपी को बांधकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
डायल-112 की सूचना पर पहुंची पुलिस
अर्जुनी थाना प्रभारी चंद्रकांत साहू के मुताबिक ग्राम खरतुली से डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। वहां ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर रखा हुआ था। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने आई और उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी कथित बदमाश समूह से जुड़ा हुआ है और वह गांव के युवकों को डराकर उनके साथ मारपीट करता था। आरोप है कि उसने कई युवकों के वीडियो भी बनाए हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ था।
कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
धमतरी का यह वायरल वीडियो एक बार फिर कानून-व्यवस्था और अपराधियों के बढ़ते हौसले पर सवाल खड़े करता है। जिस तरह आरोपी बिना किसी डर के कैमरे के सामने मारपीट कर वीडियो वायरल कर रहे हैं, उससे साफ है कि अपराधियों में कानून का भय कम होता दिखाई दे रहा है। अब लोगों की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।






