
प्रतीकात्मक तस्वीर
बिलासपुर।Goat Theft Gang in Chhattisgarh छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस ने बकरी चोरी करने वाले एक गिरोह के मेंबरों को गिरफ्तार किया है। मध्य प्रदेश के बकरा चोर गिरोह छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक्टिव था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गिरोह के मेंबर पहले गांवों में पहुंचकर रेकी करते थे, फिर मौका मिलते ही बकरा-बकरियां चोरी कर लेते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य बकरी चोरी करने के लिए स्कॉर्पियो से आते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और 1.50 लाख रुपये कैश बरामद किए हैं।
कैसे सामने आया मामला
पुलिस के अनुसार, चकराभाठा गांव के निवासी समन सिंह पैकरा ने 21 जून को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया था कि 19 जून की रात उसके घर की दीवार टूटी हुई थी और उसके घर से 4 बकरे और 15 बकरियां गायब थीं। लेकिन घर के किसी सामान को हाथ नहीं लगाया गया था।
इस शिकायत के बाद पुलिस के पास चकराभाठा, बिल्हा और रतनपुर क्षेत्र में भी बकरी चोरी की शिकायतें मिली थीं। जिसके बाद रतनपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस का जांच के दौरान मुखबिर और बाकी सबूतों से यह जानकारी मिली की मध्य प्रदेश का कोई गिरोह यहां से बकरियों की चोरी कर रहा है। जिसके बाद पुलिस ने प्लान बनाया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गांव की पहले करते थे रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मध्य प्रदेश से स्कॉर्पियो में गांवों में पहुंचते थे। वह गांव-गांव जाकर खेतों की लेवलिंग का काम मांगने के बहाने घूमते थे। इसी दौरान वे बकरा-बकरी पालने वाले घरों की पहचान कर रेकी करते थे। मौका मिलने पर रात में बकरा-बकरियां चोरी कर स्कॉर्पियो में भरकर फरार हो जाते थे।






