
कोरबा। Korba Mine Robbery जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सुराकछार 3-4 नंबर खदान में शुक्रवार देर रात एक संगठित नकाबपोश गिरोह ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। करीब 2:30 बजे लगभग दो दर्जन बदमाश खदान परिसर में घुस आए और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी चेतन प्रसाद को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की।
मारपीट में घायल सुरक्षा कर्मी की जेब से बदमाशों ने मोबाइल फोन, पर्स और उसमें रखे 4,500 रुपये लूट लिए। इसके बाद गिरोह ने खदान परिसर में लगे लाखों रुपये मूल्य के केबल काटकर अपने साथ ले गए और मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही खदान के हाजिरी बाबू विश्वनाथ राठौर ने बांकीमोंगरा थाने पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाएं, पुलिसिंग पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बांकीमोंगरा क्षेत्र में पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली के कारण अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। संगठित गिरोह बेखौफ होकर चोरी, लूट और मारपीट जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्रवासियों में भय और असुरक्षा का माहौल है।
अब इस बड़ी वारदात के बाद पुलिस की गश्त व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। लोगों ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।






