
कोरबा।Razzak Ali District Externment Action भाजपा नेता शिवबालक सिंह तोमर पर जानलेवा हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए आदतन अपराधी रज्जाक अली के खिलाफ अब कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। हत्या के प्रयास के मामले में गिरफ्तार रज्जाक अली को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने के साथ ही पुलिस ने उसके विरुद्ध जिला बदर (Externment) की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन तैयार कर जिलाधीश कार्यालय भेज दिया है। वहीं उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 15 जून 2026 को थाना सिविल लाइन रामपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 550/2026 के तहत रज्जाक अली और उसके साथियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, धमकी और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता शिवबालक सिंह तोमर ने आरोप लगाया था कि जिला जेल कोरबा के समीप पुरानी रंजिश के चलते रज्जाक अली और उसके साथियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की, हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और लोहे के डंडों समेत अन्य हथियारों से हमला किया। हमले में शिवबालक सिंह को दोनों पैरों सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
गवाहों को धमकाने पर एक और केस
विवेचना के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी द्वारा मामले के गवाहों और संबंधित व्यक्तियों को लगातार धमकाया जा रहा था तथा बयान बदलने का दबाव बनाया जा रहा था। इस मामले में भी रज्जाक अली के खिलाफ अलग से अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
तीन दशक का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रज्जाक अली के खिलाफ कोतवाली, करतला, उरगा समेत जिले के विभिन्न थानों में पिछले लगभग 30 वर्षों के दौरान हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट, आगजनी, अवैध हथियार रखने, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स एक्ट, लोक सेवक के कार्य में बाधा और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं।
कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्ती
कोरबा पुलिस का कहना है कि जिले में भय और आतंक का माहौल बनाने वाले तथा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। रज्जाक अली के खिलाफ जिला बदर और NSA की कार्रवाई को इसी अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।






