रायपुर

Higher Education : उच्च शिक्षा में बड़ा बदलाव…! नए सत्र में समय पर होंगी परीक्षाएं…छात्रों के लिए बनेगा हेल्प डेस्क

शैक्षणिक कैलेंडर का होगा कड़ाई से पालन, बार-बार नहीं बढ़ेगी प्रवेश तिथि

रायपुर, 18 जून। Higher Education : छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक अनुशासित, पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने की दिशा में सरकार ने बड़े सुधारों की तैयारी शुरू कर दी है। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष शैक्षणिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन किया जाएगा। इसके तहत समय पर प्रवेश, पाठ्यक्रम पूर्ण कराने, परीक्षाएं आयोजित करने और परिणाम जारी करने पर विशेष जोर रहेगा। विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए महाविद्यालयों में हेल्प डेस्क भी स्थापित किए जाएंगे।

उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने प्रदेश के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों, शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक कर्मचारियों को नए शिक्षा सत्र की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उच्च शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नई शिक्षा नीति (NEP-2020) का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसरों में अनुशासन और स्वच्छता के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। छात्रों की उपस्थिति, डिजिटल गवर्नेंस और एकीकृत नियामक व्यवस्था जैसे सुधारात्मक कदम भी लागू किए जाएंगे।

मंत्री ने विद्यार्थियों से समय पर प्रवेश लेने की अपील करते हुए कहा कि बार-बार प्रवेश तिथि बढ़ाने की नौबत नहीं आनी चाहिए। मेरिट सूची में चयनित विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा में प्रवेश लेकर शैक्षणिक गतिविधियों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे, ताकि उन्हें तत्काल सहायता और मार्गदर्शन मिल सके। इसके अलावा सह-शैक्षणिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे छात्रों का समग्र व्यक्तित्व विकास हो सके।

Related Articles

Back to top button