NEET Re Exam : NEET पुनर्परीक्षा को लेकर कोरबा प्रशासन अलर्ट…! कलेक्टर-SP ने केंद्राध्यक्षों को दिए आवश्यक निर्देश

News Power Zone
2 Min Read
NEET Re Exam

कोरबा, 16 जून। NEET Re Exam : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा के सफल और सुचारू आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में परीक्षा केंद्राध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर ने सभी केंद्राध्यक्षों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में समय से पहले सीसीटीवी कैमरे, जैमर और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। साथ ही विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए।

अभ्यर्थियों और पालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीम तैनात करने, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और पालकों के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए ऑटो चालकों से भी निर्धारित और उचित किराया लेने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने परीक्षार्थियों की पहचान सत्यापन, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा सामग्री के सुरक्षित संधारण एवं वितरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में NEET (UG) 2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक होगी। परीक्षा से एक दिन पहले 20 जून को सभी परीक्षा केंद्रों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी, जिसमें सुरक्षा प्रोटोकॉल, प्रवेश प्रक्रिया और तकनीकी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और केंद्राध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ परीक्षा का शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

TAGGED:
Share This Article