Health Department Action : राजनांदगांव में स्वास्थ्य विभाग का बड़ा एक्शन…! BMO डॉ. एन.के. टंडन सस्पेंड…14 साल की बच्ची के केस में बड़ी कार्रवाई
नाबालिग मामले में गंभीर लापरवाही पर डॉक्टर सस्पेंड
राजनांदगांव, 08 जून। Health Department Action : जिले के घुमका में पदस्थ खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.के. टंडन को राज्य शासन ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर 14 वर्षीय नाबालिग बालिका के स्वास्थ्य परीक्षण में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है।
जारी आदेश के अनुसार ग्राम ईरा, पोस्ट सोमनी, विकासखंड राजनांदगांव की एक नाबालिग बालिका के स्वास्थ्य परीक्षण में गंभीर अनियमितता सामने आई थी। मामले की शिकायत स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचने के बाद शासन स्तर पर इसकी समीक्षा की गई, जिसके बाद यह सख्त कार्रवाई की गई।
राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत डॉ. एन.के. टंडन को निलंबित किया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं, दुर्ग संभाग, दुर्ग निर्धारित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वे सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।
बताया जा रहा है कि नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले में शासन ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए तत्काल कार्रवाई की है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप की स्थिति है और इसे लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।





