रायपुर

Murder Solved : पार्षद नोहर दास रात्रे सहित 3 गिरफ्तार…! युवक की हत्या कर महानदी किनारे दफन शव का खुलासा…सबूत मिटाने रेत में दफनाया

युवक की हत्या के बाद रेत में छिपाया शव

रायपुर, 29 मई। Murder Solved : शहर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे सहित तीन अन्य लोगों पर एक युवक की हत्या कर शव को छिपाने के लिए महानदी किनारे रेत में दफनाने का आरोप है। पुलिस जांच में इस पूरे मामले का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, इंदिरा कॉलोनी मंदिर हसौद निवासी ईश्वरी यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके पति भुनेश्वर यादव (38) दिनांक 22 मई की रात करीब 10 बजे नोहर दास रात्रे के गोदाम से बिना बताए कहीं चले गए थे और फिर वापस नहीं लौटे।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 59/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक के अंतिम समय में साथ देखे गए तीन संदेहियों से पूछताछ की।

पूछताछ में खुला हत्या का राज

पुलिस के अनुसार, तकनीकी जांच और सख्त पूछताछ के बाद संदेही नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे (पार्षद), अमित राजपूत और हेमचंद बंजारे उर्फ सोनू ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने बताया कि घटना के दिन सभी लोग पार्षद नोहर दास रात्रे के गोदाम में शराब पी रहे थे। इसी दौरान शराब खत्म होने पर मृतक भुनेश्वर यादव के साथ विवाद हो गया। बताया गया कि मृतक ने पार्षद नोहर दास रात्रे को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करते हुए गाली-गलौज की और झापड़ मार दिया, जिससे विवाद बढ़ गया।

इसके बाद तीनों आरोपियों ने एक राय होकर भुनेश्वर यादव पर हाथ-मुक्का और लात-घूंसों से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद भुनेश्वर यादव अचेत हो गया और उसकी मौत हो गई।

शव को महानदी किनारे दफनाया

पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के बाद आरोपी घबरा गए और सबूत छिपाने के लिए शव को ब्रेजा कार से महासमुंद जिले के ग्राम नांदगांव के पास महानदी किनारे ले गए। वहां रेत में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया गया। बाद में पुलिस की निशानदेही पर 28 मई 2026 को परिजनों की मौजूदगी में शव को रेत से बाहर निकाला गया। परिजनों ने शव की पहचान भुनेश्वर यादव के रूप में की।

चार आरोपी हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने मामले में पार्षद नोहर दास रात्रे उर्फ गोलू रात्रे, अमित राजपूत, हेमचंद बंजारे और श्रवण जांगड़े को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। घटना स्थल महासमुंद जिले में होने के कारण आगे की कार्रवाई वहां की पुलिस द्वारा मर्ग और अपराध क्रमांक 322/26 के तहत की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button