छत्तीसगढ़

Business Rivalry : गोलीकांड का खुलासा…! पैसों के विवाद और कारोबारी प्रतिस्पर्धा में रची गई थी हत्या की साजिश

200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले

सक्ती, 23 मई। Business Rivalry : जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में 23 अप्रैल को हुए चर्चित गोलीकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से पिस्टल और मैगजीन भी बरामद की गई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पैसों के लेन-देन, कारोबारी प्रतिस्पर्धा और बढ़ते प्रभाव को लेकर हत्या की साजिश रची गई थी।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साइबर सेल और आसूचना टीम लगातार सक्रिय रही। वहीं अलग-अलग टीमों ने गुजरात, तमिलनाडु, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में दबिश देकर जांच को आगे बढ़ाया।

घटना 23 अप्रैल की देर रात बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में हुई थी। पुलिस के अनुसार, तीन नकाबपोश हमलावर घर के पीछे के रास्ते से व्यवसायी सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसे और उस कमरे तक पहुंचे जहां परिवार के सदस्य सो रहे थे। हमलावरों ने 19 वर्षीय आयुष कश्यप पर दो राउंड फायरिंग की। गोली उसके सीने और कनपटी में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसके भाई आशुतोष कश्यप पर भी गोली चलाई गई, जो उसके हाथ में लगी थी। घटना के दौरान पैसों की मांग किए जाने की बात भी सामने आई थी।

मृतक आयुष कश्यप हाल ही में रेत कारोबार (Business Rivalry) से जुड़ा था। बताया गया कि घटना वाली रात वह रेत से जुड़े काम से जांजगीर-चांपा गया था और देर रात घर लौटा था। आयुष के पिता सम्मेलाल कश्यप क्षेत्र के व्यवसायी होने के साथ राजनीतिक गतिविधियों से भी जुड़े रहे हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button