न्यूज डेस्क। साउथ एक्टर पवन कल्याण इन दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में हैं. एक्टर विजय के तमिलनाडु सीएम बनने के बाद कई लोग पवन कल्याण की तुलना विजय से कर रहे हैं. इसी बीच पवन कल्याण ने अपनी पार्टी के सामने इसपर प्रतिक्रिया दी और अपने चुनावी दौर को याद किया. उन्होंने कहा कि 2019 चुनाव अकेले लड़ा था और उनका किसी ने भी साथ नहीं दिया था.
विजय से तुलना पर पवन कल्याण का बयान
हाल ही में मंगलागिरी में अपनी पार्टी जन सेना के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘तमिलनाडु चुनाव और उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद से लोग मुझ पर दबाव बना रहे हैं. हमारे पड़ोसी राज्य में एक अभिनेता ने पार्टी बनाई और मुख्यमंत्री बन गया. इसके बाद कई लोगों ने मुझे मैसेज किए कि मुझे भी आंध्र प्रदेश में ऐसा ही करना चाहिए था.’ हालांकि इसके बाद पवन कल्याण ने तेलुगु में एक कहावत कही कि ‘उरु लो पेल्ली की… एदो हड़ाविडी अंतारु कदा’, जिसका मतलब पड़ोसी की शादी में जरूरत से ज्यादा उत्साह दिखाना है.
पवन कल्याण बोले- किसी ने साथ नहीं दिया
उन्होंने अपने इस बात को स्पष्ट करते हुए बताया कि ‘जैसे छोटे बच्चे किसी और की शादी में भी ऐसे भाग-दौड़ करते हैं, जैसे वो उनके अपने घर की शादी हो, वैसे ही लोग बिना पूरी स्थिति समझे तुलना कर रहे हैं.’ साथ ही उन्होंने 2019 का जिक्र करते हुए कहा, ‘मैंने 2019 में चुनाव लड़ा था. तब लोगों ने क्या किया? यहां तक कि मंत्री भी मेरे साथ खड़े नहीं रहे. इसलिए मेरी तुलना मत कीजिए.’ हालांकि अपने बयान में पवन कल्याण ने विजय का नाम नहीं लिया.
चिरंजीवी ने विजय को दी बधाई
इसी के साथ चिरंजीवी ने हाल ही में विजय को उनके सीएम बनने की बधाई दी और उम्मीद जताया कि जनता के लिए काम करके वो हमेशा लोगों के दिलों में जगह बनाएं रखेंगे. साथ ही उन्हें दिवंगत नेता एम. जी. रामचंद्रन की तरह ही लोग प्यार करेंगे. इसके आलावा विजय ने भी चिरंजीवी की फिल्म ‘माना शंकरा वारा प्रसाद गुरु’ की तारीफ की और ‘जन नायकन’ के पायरेसी विवाद में समर्थन करने के लिए आभार जताया.
बता दें कि पवन कल्याण आखिरी बार निर्देशक सुरेंद्र रेड्डी की फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ में नजर आए थे. वहीं चिरंजीवी आने वाले समय में कई फिल्मों में दिखाई देंगे, जिसमें श्रीकांत ओडेला, बॉबी और विश्वांभरा शामिल हैं. विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ भी CBFC सर्टिफिकेट मिलते ही रिलीज कर दी जाएगी.



