छत्तीसगढ़

Viral Audio : जांजगीर में प्रशासनिक विवाद गरमाया…! EE और चालक की बातचीत ने मचाया हड़कंप…अफसर की गालीबाजी का ऑडियो वायरल

महिला अधिकारी से विवाद की चर्चा

जांजगीर, 13 मई। Viral Audio : जांजगीर-चांपा जिले में प्रशासनिक व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। जल संसाधन विभाग के एक कार्यपालन अभियंता (EE) का अपने ही विभाग के वाहन चालक को गालियां देते हुए ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। ऑडियो सामने आते ही जिले में हड़कंप मच गया और मामला सीधे कलेक्टर तक पहुंच गया।

जानकारी के मुताबिक, विभाग के नरियरा संभाग में पदस्थ चालक शशिकांत साहू वर्ष 2022 से अकलतरा एसडीएम कार्यालय में अटैच हैं। लंबे समय से उन्हें वापस विभाग बुलाने को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। चालक का कहना है कि जब तक एसडीएम कार्यालय से औपचारिक रूप से कार्यमुक्त नहीं किया जाता, तब तक वह विभाग में ज्वाइन नहीं कर सकता।

इसी विवाद के बीच चालक को पिछले पांच महीनों से वेतन नहीं मिलने की बात भी सामने आई है, जिससे उसका परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा है।

वायरल ऑडियो में गालियों की भरमार

सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो में अभियंता और चालक के बीच बातचीत सुनाई दे रही है। चालक जहां शांत और विनम्र तरीके से बात करता नजर आता है, वहीं अभियंता कथित तौर पर अभद्र भाषा और गालियों का इस्तेमाल करते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत में अन्य अधिकारियों के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों के प्रयोग का आरोप है।

महिला अधिकारी से विवाद की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, अभियंता इस बात से नाराज थे कि चालक ने विभाग की एक महिला अधिकारी के साथ कथित बदतमीजी की थी। हालांकि चालक का दावा है कि वह पहले ही इस मामले में माफी मांग चुका है। इसी बातचीत को चालक ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए अपर कलेक्टर को जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक कार्यसंस्कृति पर उठे सवाल

इस घटना ने सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों के साथ व्यवहार और कार्यसंस्कृति को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ओर कर्मचारी महीनों से वेतन के लिए परेशान है, वहीं दूसरी ओर उसे कथित रूप से अपमानजनक व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है।

Related Articles

Back to top button