Jewelry Theft Gang : कोरबा पुलिस ने 18 घंटे में पकड़ा इंटरस्टेट ज्वेलरी गैंग…! 3 महिलाएं सहित 5 आरोपी गिरफ्तार

News Power Zone
2 Min Read
Jewelry Theft Gang

कोरबा, 25 अप्रैल। Jewelry Theft Gang : शहर में हुई ज्वेलरी चोरी की वारदात का कोरबा पुलिस ने महज 18 घंटे में खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय गिरोह के सरगना मिथुन चक्रवर्ती सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं।

यह मामला सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र के एमपीटी नगर स्थित दिव्या ज्वेलर्स का है, जहां 24 अप्रैल को तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में आईं और मौका पाकर सोने के आभूषण चोरी कर फरार हो गईं।

घटना के बाद पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की। शहरभर के CCTV फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई। जिला ऑटो संघ के सहयोग से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों को ओडिशा के संबलपुर से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देता था। महिलाएं ग्राहक बनकर दुकानदार का ध्यान भटकाती थीं, जबकि उनके साथी चोरी को अंजाम देकर तुरंत राज्य बदल देते थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4.5 लाख रुपये के सोने के आभूषण बरामद किए हैं और वारदात में इस्तेमाल की गई XUV300 कार भी जप्त कर ली है।

आरोपियों ने पश्चिम बंगाल के राणाघाट, मालदा और सिलीगुड़ी में भी इसी तरह की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उनके नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Share This Article