राखड़ डैम हादसा: FIR की मांग को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, SDM को सौंपा ज्ञापन

News Power Zone
3 Min Read
Oplus_131072

कटघोरा। नवागांव-झाबु स्थित CSEB पावर प्लांट के राखड़ डैम टूटने के बाद अब मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम में भारतीय युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों ने SDM कटघोरा को ज्ञापन सौंपते हुए CSEB प्रबंधन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।

 


युवा कांग्रेस का आरोप है कि 19 अप्रैल 2026 को हुए इस भीषण हादसे में जन-धन की भारी क्षति हुई, लेकिन यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 26 जून 2025 को भी इसी तरह का हादसा हो चुका है, जिसमें किसानों की जमीन, पर्यावरण और मजदूरों को नुकसान झेलना पड़ा था। इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।

इन मुद्दों का भी जिक्र

7 अगस्त 2025 को पश्चिम पावर प्लांट में ठेका श्रमिक सुरेंद्र साहू की करंट लगने से मौत पर अब तक क्या कार्रवाई हुई?

दर्री स्थित मिनी हाइडल प्लांट के स्टॉप डैम टूटने से प्लांट में गरम पानी भरने की घटना को भी लापरवाही का उदाहरण बताया गया।

हालिया झाबु राखड़ डैम हादसे में मृत JCB चालक फुलेश्वर कश्यप का EPF, ESI या बीमा पंजीयन नहीं होना प्रबंधन की बड़ी चूक बताई गई।

पुरेनाखार गांव के प्रभावित परिवारों को अब तक मुआवजा और रोजगार नहीं मिलने पर भी नाराजगी जताई गई।

SDM को सौंपा ज्ञापन, एफआईआर की मांग

युवा कांग्रेस ने SDM से मांग की है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों पर FIR दर्ज हो और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी श्रमिकों का अनिवार्य पंजीयन, प्रभावित परिवारों को मुआवजा और रोजगार, तथा भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग रखी गई है। ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर जिलाध्यक्ष राकेश पंकज, ग्रामीण जिलाध्यक्ष विकास सिंह समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन की कार्रवाई पर नजर

 

लगातार हो रहे हादसों और उठते सवालों के बीच अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और जिम्मेदारों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।

 

Share This Article