Breaking: कोरबा भू-अभिलेख घोटाला: हेक्टेयर का खेल उजागर, पटवारी सस्पेंड, कलेक्टर का सख्त एक्शन

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा, 20 अप्रैल 2026।Korba Land Record Scamजिले में राजस्व विभाग का बड़ा खेल उजागर हुआ है, जहां जमीन के आंकड़ों में ऐसा हेरफेर किया गया कि छोटे-छोटे रकबे रातों-रात कई गुना बढ़ा दिए गए। मामला सामने आते ही कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कड़ा रुख अपनाते हुए पटवारी दीपक कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जांच में खुलासा हुआ कि ग्राम करूमौहा में भू-अभिलेखों के साथ बड़े स्तर पर छेड़छाड़ की गई। खसरा नंबर 176/1/ख/1 का असली रकबा जहां महज 0.016 हेक्टेयर था, उसे बढ़ाकर 1.600 हेक्टेयर दर्ज कर दिया गया। यही नहीं, एक और मामले में खसरा नंबर 84/4 ख का रकबा 0.710 हेक्टेयर से सीधे 71.000 हेक्टेयर कर दिया गया। हैरानी की बात यह रही कि ये बदलाव बिना किसी वैध आदेश के ऑनलाइन भुइयां पोर्टल पर भी चढ़ा दिए गए।
तहसीलदार भैंसमा की जांच रिपोर्ट ने इस पूरे खेल की पोल खोल दी, जिसमें पटवारी की गंभीर लापरवाही और नियमों की खुली अवहेलना सामने आई। इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का सीधा उल्लंघन माना गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए पटवारी को सस्पेंड कर दिया है। निलंबन के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय पसान तय किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। इस पूरे मामले ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि क्या इस हेराफेरी में और भी नाम सामने आएंगे या फिर मामला यहीं थम जाएगा।

Share This Article