छत्तीसगढ़

Kondagaon Murder : कोंडागांव के टेंट व्यापारी मर्डर केस का खुलासा…! सोने की अंगूठी के लालच में बुलाया घर….मूसल से वार कर किया कत्ल….स्कूटी में ले जाकर दफनाया शव

150 CCTV फुटेज से खुला राज


कोंडागांव, 14 अप्रैल। Kondagaon Murder : छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में टेंट कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि सोने की अंगूठी और नकदी के लालच में आरोपी ने अपने परिचित को घर बुलाकर बेरहमी से हत्या कर दी।मृतक की पहचान 53 वर्षीय सुरेश चौहान के रूप में हुई है, जो शिरोमणि डेकोरेट टेंट के संचालक थे।

घर बुलाकर की हत्या

पुलिस पूछताछ में आरोपी सुरेश देवांगन ने कबूल किया कि 11 अप्रैल की रात उसने सुरेश चौहान को अपने घर बुलाया और लोहे के खलबट्टे के मूसल से सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी।

स्कूटी से ले जाकर दफनाया शव

वारदात के बाद आरोपी ने शव को स्कूटी में रखकर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पीछे खेत तक पहुंचाया और मिट्टी के ढेर में दफना दिया। खून से सनी स्कूटी को वहीं छोड़कर वह फरार हो गया।

150 CCTV फुटेज से खुला राज

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 150 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। विकास नगर ग्राउंड में खून से सनी स्कूटी मिलने के बाद शक गहराया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

कबूलनामे के बाद बरामदगी

आरोपी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर, पुलिस ने शव, दो सोने की अंगूठियां, 1,000 रुपये नकद और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया। बता दें कि, सुरेश चौहान 11 अप्रैल से लापता थे। उनके भाई ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने जांच तेज की और हत्या का खुलासा हुआ।

पुलिस की कार्रवाई जारी

पुलिस के मुताबिक, दोनों एक-दूसरे को पहले से जानते थे, जिसका फायदा उठाकर आरोपी ने साजिश रची। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button