Ash Dam Breach : भरी गर्मी में फूटा राखड़ बांध…दर्री डेम में छोड़ा गया राख…SE को कलेक्टर की कड़ी फटकार

News Power Zone
2 Min Read
Ash Dam Breach

कोरबा, 11 अप्रैल। Ash Dam Breach : भीषण गर्मी के बीच एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसने प्रशासन और पर्यावरण सुरक्षा दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर में स्थित राखड़ बांध के फूटने से हालात अचानक बिगड़ गए और बड़ी मात्रा में फ्लाई ऐश दर्री डेम की ओर छोड़ दी गई। इस पूरे मामले ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।

सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद हालात संभालने के बजाय जानकारी छिपाने की कोशिश की गई। आरोप है कि सीएसईबी के अधीक्षण अभियंता (फ्लाई ऐश यूटिलाइजेशन) ने बांध फूटने की वास्तविक स्थिति को लेकर जिला प्रशासन को गुमराह किया। शुरुआती रिपोर्ट में स्थिति को सामान्य बताने की कोशिश की गई, जबकि मौके पर हालात इसके उलट थे।

जैसे ही कलेक्टर को सोशल मीडिया के माध्यम से वास्तविक स्थिति की जानकारी मिली, उन्होंने इस पर कड़ा रुख अपनाया। बताया जा रहा है कि अधीक्षण अभियंता श्री नेताम को जमकर फटकार लगाई गई और पूरे घटनाक्रम पर जवाब-तलब किया गया। कलेक्टर ने साफ निर्देश दिए हैं कि ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई तय है।

इस घटना के बाद पर्यावरणीय खतरे को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। दर्री डेम में राख छोड़े जाने से शहर का एक मात्र वाटर ट्रीटमेंट प्लांट प्रभावित हुआ । जिससे शहरी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। यही नही इसे लेकर नगर नियुक्त आयुक्त ने एचटीपीपी प्रबन्धन को नोटिस जारी किया है। यही नही डेम के गंदे पानी की वजह से एनटीपीसी का उत्पादन भी प्रभावित हो गया। जिसे लेकर प्रबन्धन ने जल संसाधन विभाग को जानकारी दी।

शिकायत के बाद एरिगेशन ने एचटीपीपी पर 18 करोड़ का जुर्माना भेजा है। फिलहाल प्रशासन ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि बांध की मेंटेनेंस और सुरक्षा मानकों में आखिर कहां चूक हुई। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Share This Article