रायपुर

Deepak Baij : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का सरकार पर हमला…! कानून व्यवस्था और धान खरीद पर उठाए गंभीर सवाल

राज्य में असुरक्षा और किसान संकट, सरकार पर जताया रोष

रायपुर, 06 मार्च। Deepak Baij : छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने राज्य की कानून व्यवस्था और धान खरीदी के मुद्दे को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि होली के दौरान प्रदेश में भय का माहौल रहा और सरकार किसानों की मेहनत के साथ खिलवाड़ कर रही है।

बैज ने कहा कि होली के दिन पूरे छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर असामाजिक तत्व सक्रिय रहे। महिलाओं के साथ अभद्रता की घटनाएं सामने आईं और कुछ जगहों पर पुलिसकर्मियों की वर्दी तक फाड़ दी गई। उन्होंने राज्य के गृह मंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश की जनता असुरक्षित महसूस कर रही है, तब जिम्मेदार मंत्री सोशल मीडिया पर रील बनाने में व्यस्त हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि कांग्रेस के विरोध के कारण ही होली के दिन शराब दुकानें बंद रहीं। उनका कहना है कि यदि ऐसा नहीं होता तो प्रदेश में हालात और भी खराब हो सकते थे।

धान खरीदी के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि कई खरीदी केंद्रों में धान पर पानी डालने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बैज का आरोप है कि सरकार समय पर धान का उठाव नहीं कर पा रही है, जिसके कारण लाखों क्विंटल धान खुले में पड़ा हुआ है। केंद्रों पर कर्मचारियों को वजन कम होने की जिम्मेदारी का डर दिखाया जा रहा है, जिसके कारण मजबूरी में धान का वजन बनाए रखने के लिए उसमें पानी डाला जा रहा है।

उन्होंने राज्य सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। बैज के मुताबिक मितानिनों, एनएचएम कर्मचारियों और स्कूलों में काम करने वाले रसोइयों को समय पर मानदेय नहीं मिल रहा है, जिससे कई परिवारों की होली फीकी रही। कांग्रेस ने इन मुद्दों को लेकर सरकार से तत्काल स्थिति स्पष्ट करने और सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button