छत्तीसगढ़

Bal Ashram Ballia : विष्णुदेव साय ने बच्चों संग मनाया 62वां जन्मदिन…! मुस्कान को बताया सबसे बड़ा उपहार

बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाया

रायपुर/जशपुर, 21 फरवरी। Bal Ashram Ballia : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपना 62वां जन्मदिवस जशपुर जिले के बगिया स्थित बालक आश्रम में बच्चों के बीच आत्मीयता और स्नेह के साथ मनाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरा आश्रम परिसर पारिवारिक माहौल में बदल गया। जैसे ही मुख्यमंत्री आश्रम पहुँचे, बच्चे उत्साह से उनके पास दौड़ पड़े। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ केक काटा, उनसे घुल-मिलकर बातें कीं और उनके सपनों को सुना। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे, पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से केक और चॉकलेट खिलाया तथा उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा, आप सब बच्चों की मुस्कान ही मेरे जन्मदिन का सबसे बड़ा उपहार है। आप मन लगाकर पढ़ाई करें, आगे बढ़ें और अपने परिवार तथा प्रदेश का नाम रोशन करें। मुख्यमंत्री के स्नेह और अपनत्व से बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बच्चों की आंखों की चमक और चेहरे की मुस्कान इस बात की गवाही दे रही थी कि यह दिन उनके लिए अविस्मरणीय बन गया है। उल्लेखनीय है कि बालक आश्रम बगिया में कक्षा पहली से पाँचवीं तक के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें अधिकांश बच्चे आदिवासी समुदाय से हैं। मुख्यमंत्री का उनके बीच जन्मदिन मनाना बच्चों के लिए गर्व और प्रेरणा का विशेष अवसर रहा। इस अवसर पर विधायक गोमती साय, कमिश्नर नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण तथा आश्रम के शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button