
मुरैना। Petrol Pump Violence जिले के नूराबाद क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर स्थित करहधाम फिलिंग स्टेशन पर शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब खुद को विधायक समर्थक MLA Supporters बताने वाले युवकों ने एक सेल्समैन की जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
हूटर बजाते पहुंचे, पांच मिनट की देरी पर बवाल
घटना शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। काले रंग की ब्रेजा कार (MP 07 AC 1619) में सवार चार से पांच युवक ग्वालियर से मुरैना की ओर जा रहे थे। नूराबाद के करहधाम फिलिंग स्टेशन पर कार रोककर उन्होंने सीएनजी भरवाने के लिए हूटर बजाया।उस समय सेल्समैन धर्मराज जाटव पानी पी रहा था, जिससे उसे पंप तक पहुंचने में करीब पांच मिनट की देरी हो गई।
‘नीचे उतरिए’ कहना पड़ा भारी
सेल्समैन ने नियम के तहत कार सवार लोगों से गैस भरने से पहले नीचे उतरने का इशारा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी बात पर युवक भड़क गए। उन्होंने इसे अपना अपमान बताया और गाली-गलौज करते हुए धर्मराज की पिटाई शुरू कर दी।
मारपीट में सेल्समैन के गाल और मुंह पर चोट आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि कार सवार युवकों के साथ चल रहे एक बंदूकधारी ने धमकाते हुए कहा कि अगर रिपोर्ट की तो अगली बार गोली मार दी जाएगी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
नूराबाद थाना प्रभारी सौरभ पुरी ने बताया कि कार नंबर के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है और धमकी में इस्तेमाल की गई बंदूक की भी तलाश की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। सवाल यह है कि अगर एक पेट्रोल पंप पर ड्यूटी कर रहा कर्मचारी भी सुरक्षित नहीं है, तो आम आदमी की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा?



