बिलासपुर

High Voltage Drama : बिलासपुर में नशे में धुत युवक-युवती का सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा…! ट्रक के सामने खड़ा हुआ युवक…बड़ा हादसा टला

सड़क पर नशे में युवक-युवती का हंगामा, यातायात ठप

बिलासपुर, 03 फरवरी। High Voltage Drama : छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नशे में धुत एक युवक और युवती ने बीच सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक की बताई जा रही है। पब-बार से निकलने के बाद दोनों ने सड़क पर जमकर हंगामा किया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक और युवती दोनों शराब के नशे में पूरी तरह धुत थे। पब-बार से बाहर निकलते ही किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते सड़क पर हंगामे में बदल गई। दोनों बीच सड़क पर चिल्लाने लगे, गाली-गलौज करने लगे और आने-जाने वाले वाहनों को रोकने की कोशिश करने लगे। चौक पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, वहीं कुछ लोग उन्हें समझाने की कोशिश भी करते नजर आए।

चलते ट्रक के सामने खड़ा हुआ युवक

ड्रामा उस वक्त और खतरनाक हो गया जब नशे में धुत युवक अचानक चलती ट्रक के सामने जा खड़ा हुआ। युवक ने ट्रक चालक की ओर इशारा करते हुए उसे अपने ऊपर वाहन चढ़ाने का संकेत किया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की सांसें थम गईं। कुछ पलों के लिए बड़ी अनहोनी की आशंका बन गई, लेकिन ट्रक चालक की सूझबूझ और समय पर ब्रेक लगाने से एक बड़ा हादसा टल गया।

यातायात बाधित, जाम जैसे हालात

घटना के दौरान युवती भी लगातार सड़क पर हंगामा करती रही। कभी वह युवक को रोकने की कोशिश करती, तो कभी खुद बीच सड़क पर बैठ जाती। इस कारण कुछ समय के लिए महाराणा प्रताप चौक पर यातायात बाधित हो गया और जाम जैसे हालात बन गए। कई वाहन चालकों को मजबूरी में अपने वाहन रोकने पड़े।

वीडियो वायरल, उठे सवाल

इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो किसी राहगीर ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक ट्रक के सामने खड़ा होकर चालक को उकसाने की कोशिश कर रहा है, जबकि आसपास लोग शोर मचाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद शहर में चर्चा का माहौल है और पब-बार से निकलने के बाद सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button