
कोरबा, 12 दिसंबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की खदानों में अनियमितताओं का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। जिले में कोयला परिवहन को लेकर लगातार गड़बड़ियां सामने आ रही हैं। बीती रात दीपका पुलिस ने संदेह के आधार पर कोयले से भरी तीन गाड़ियों को रोककर थाने में खड़ा कराया। जांच पूरी होने तक वाहन दोपहर तक यहीं रखे गए।
थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि यह मामला कोयला चोरी का नहीं है, बल्कि दस्तावेजों में खामियों से जुड़ा है। कागजात को SECL से सत्यापित कराया गया है और अब रिपोर्ट के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि पकड़ी गई गाड़ियों में से एक गाड़ी गेवरा के एक लोडिंग इंस्पेक्टर से जुड़ी हुई है। यह भी सामने आया है कि संबंधित इंस्पेक्टर नियमों के खिलाफ रोड सेल में डीओ जारी कर रहा था। इस पूरे मामले में हरियाणा की एक पार्टी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
तीन गाड़ियों की जब्ती के बाद माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने पर कुछ और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं, जिससे SECL के संचालन और निगरानी पर फिर सवाल उठेंगे।



