NAMTECH College : अब छत्तीसगढ़ में हर साल 10,000 युवा सीखेंगे आधुनिक तकनीक…! ITI कॉलेजों में होगा बड़ा बदलाव…CM विष्णुदेव साय की बड़ी पहल

News Power Zone
3 Min Read
NAMTECH College

रायपुर, 10 नवम्बर। NAMTECH College : छत्तीसगढ़ के युवाओं को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुजरात के गांधीनगर स्थित NAMTECH कॉलेज का दौरा किया और वहां की अत्याधुनिक शिक्षण पद्धतियों, प्रयोगशालाओं और मैन्युफैक्चरिंग-टेक्नोलॉजी से जुड़े मॉडलों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब छत्तीसगढ़ में हर साल लगभग 10,000 युवाओं को आधुनिक तकनीक और औद्योगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए राज्य के आईटीआई कॉलेजों में व्यापक सुधार किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि गुजरात की धरती ने देश को विकास, आत्मनिर्भरता और नवाचार की दिशा दिखाई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी ऐसे संस्थान स्थापित करने का लक्ष्य है, जहाँ युवाओं को स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल स्किल्स जैसी नई तकनीकों की शिक्षा दी जा सके। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को स्वरोजगार और उद्योगों से जोड़ने के लिए तेज़ी से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने NAMTECH कॉलेज में छात्रों से बातचीत कर उनके प्रोजेक्ट्स और व्यावहारिक कार्यों की जानकारी ली। कॉलेज प्रबंधन ने उन्हें बताया कि गुजरात में एक नेटवर्क मॉडल के तहत कई कॉलेजों को आपस में जोड़ा गया है, जिससे शिक्षा अधिक व्यावहारिक और उद्योगोन्मुख बन सकी है। NAMTECH ने छत्तीसगढ़ में भी इसी प्रकार सहयोग का प्रस्ताव दिया है।

इस मॉडल के तहत छत्तीसगढ़ में चयनित आईटीआई कॉलेजों को आपस में जोड़ा जाएगा। एक कॉलेज नई तकनीक में विशेषज्ञता हासिल कर अन्य कॉलेजों को प्रशिक्षित करेगा। इस पहल से राज्य में हर वर्ष 10,000 से अधिक युवा नई तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उन्हें रोजगार और उद्योगों में सीधे काम करने के अवसर मिलेंगे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, विकसित भारत 2047” के लक्ष्य को साकार करने में छत्तीसगढ़ की भूमिका अहम होगी। उन्होंने कहा, हमारा युवा ही छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। अब हमारा लक्ष्य ऐसे युवाओं को तैयार करना है जो नई सोच, आधुनिक तकनीक और नवाचार के साथ विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।

Share This Article