Former Home Minister : पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर को नजरबंद करने पर गरमाई सियासत…! सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने जताया कड़ा विरोध…कहा- भाजपा के भीष्म पितामह का अपमान दुर्भाग्यजनक
छत्तीसगढ़िया नेतृत्व को लूपलाइन में भेजने की साजिश

कोरबा, 04 अक्टूबर। Former Home Minister : छत्तीसगढ़ की राजनीति में शनिवार को उस समय हलचल तेज हो गई जब भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर को नजरबंद किए जाने और उनकी उपेक्षा से जुड़ी खबर सामने आई। इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने इसे “दुर्भाग्यजनक और अपमानजनक” करार दिया।
सभापति ठाकुर का तीखा बयान
सभापति नूतनसिंह ठाकुर ने कहा कि, ननकीराम कंवर भाजपा के लिए कोरबा में भीष्म पितामह की भूमिका में हैं। एक वरिष्ठ, संघर्षशील और जमीन से जुड़े नेता के साथ ऐसा व्यवहार करना न केवल अपमान है, बल्कि यह भाजपा संगठन की कमजोरी भी दर्शाता है। उन्होंने आगे कहा कि ननकीराम कंवर ने कांग्रेस के भ्रष्टाचार को उजागर कर भाजपा के पक्ष में जनमत तैयार किया, और आज उसी पार्टी में उनके साथ उपेक्षा का बर्ताव होना चिंताजनक है।
छत्तीसगढ़िया नेतृत्व को लूपलाइन में भेजने की साजिश?
सभापति ठाकुर ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि कोरबा में एक संगठित साजिश के तहत छत्तीसगढ़िया नेताओं को चुन-चुनकर दरकिनार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, लखन देवांगन का इस्तीफा मांगा गया, मनोज शर्मा को पद से हटाया गया, विकास महतो का खुला विरोध किया गया, जिला पंचायत अध्यक्ष का पद यदि आरक्षित नहीं होता, तो वहां भी किसी पूंजीपति को बिठा दिया जाता
सत्ता की मलाई खा रहे बिना जनाधार वाले नेता : ठाकुर
ठाकुर ने भाजपा संगठन के कुछ नेताओं पर इशारों में कटाक्ष करते हुए कहा कि, बिना जनाधार वाले नेता आज सत्ता की मलाई खा रहे हैं, जबकि वर्षों तक संघर्ष करने वाले जमीनी नेता उपेक्षित किए जा रहे हैं। यदि यही हालात रहे तो पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के निर्णयों से आम जनता के बीच गहरा आक्रोश है। यदि छत्तीसगढ़िया नेतृत्व को कमजोर करने की कोशिशें नहीं रुकीं तो जन समर्थन पर विपरीत असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और शीर्ष नेतृत्व को ननकी राम कंवर जैसे वरिष्ठ नेता का सम्मान करना चाहिए।