दुबई और लंदन में अपार्टमेंट, लक्‍जरी कारें… ₹1,400 करोड़ की मालकिन यह BJP कैंडिडेट कौन?

Desk Reporter
2 Min Read

नई दिल्‍ली: दक्षिण गोवा से बीजेपी उम्मीदवार पल्लवी डेम्पो ने मंगलवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। चुनाव के लिए दाखिल 119 पन्नों के हलफनामे से पता चलता है कि उनके पति श्रीनिवास के साथ उनकी कुल संपत्ति लगभग 1,400 करोड़ रुपये है। पल्लवी डेम्पो ग्रुप के प्रमुख श्रीनिवास डेम्पो की पत्‍नी हैं। इस ग्रुप का कारोबारी साम्राज्‍य फुटबॉल, रियल एस्टेट, शिप बिल्डिंग से लेकर एजुकेशन और माइनिंग तक फैला है।

पल्लवी के हलफनामे से पता चलता है कि उनके पास 255.4 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। वहीं, श्रीनिवास के स्वामित्व वाली संपत्ति का मूल्य 994.8 करोड़ रुपये है। जहां पल्लवी की अचल संपत्ति का कुल बाजार मूल्य 28.2 करोड़ रुपये है। वहीं, श्रीनिवास की संपत्ति की मार्केट वैल्‍यू 83.2 करोड़ रुपये है।

दुबई और लंदन में करोड़ों के अपार्टमेंट

 

गोवा और देश के अन्य हिस्सों में प्रॉपर्टी के अलावा डेम्पो दंपति के पास संयुक्त रूप से सवाना दुबई में एक अपार्टमेंट भी है। इसका वर्तमान बाजार मूल्य 2.5 करोड़ रुपये है। साथ ही लंदन में भी उनका एक अपार्टमेंट है। इसकी वैल्‍यू 10 करोड़ रुपये है।

पल्‍लवी के पास 5.7 करोड़ रुपये का सोना

 

सोने के प्रति पल्लवी का आकर्षण उनके हलफनामे से साफ होता है। उनके पास 5.7 करोड़ रुपये का सोना है। पल्लवी ने वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए 10 करोड़ रुपये का आयकर रिटर्न दाखिल किया। वहीं, श्रीनिवास ने उसी वर्ष के लिए 11 करोड़ रुपये का रिटर्न दाखिल किया। पल्‍लवी की उम्र 49 साल है। बीजेपी कैंडिडेट के पास एमआईटी, पुणे विश्वविद्यालय से बिजनेस मैनेजमेंट में पोस्‍टग्रेजुएशन की डिग्री है।

Share This Article