बलरामपुर, 26 दिसंबर। Women Health : स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर जिला अस्पताल बलरामपुर में परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत महिला नसबंदी (एलटीटी) का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि तिवारी एवं डॉ. अनिमेष सिंह के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने लेप्रोस्कोपिक पद्धति से कुल 12 महिलाओं की नसबंदी सफलतापूर्वक की। सभी हितग्राही सुरक्षित हैं और उनका स्वास्थ्य सामान्य बताया गया है।
लंबे अंतराल के बाद अब जिला चिकित्सालय बलरामपुर में परिवार नियोजन के स्थायी साधनों की सेवाएं नियमित रूप से शुरू कर दी गई हैं। इसके अंतर्गत अब प्रत्येक बुधवार को महिला हितग्राहियों की एलटीटी नसबंदी जिला अस्पताल में की जाएगी। अब तक कुल 18 महिलाओं की नसबंदी सफलतापूर्वक की जा चुकी है।
इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा महिला प्रसूति रोग, बच्चादानी एवं अंडकोष से संबंधित जांच और उपचार की सुविधा भी लेप्रोस्कोपिक विधि से उपलब्ध कराई जा रही है। गर्भाशय की जांच एवं आवश्यक ऑपरेशन अब दूरबीन पद्धति से बिना चीरा लगाए किए जा रहे हैं, जिससे मरीजों को कम दर्द, शीघ्र स्वस्थ होने और सुरक्षित उपचार का लाभ मिल रहा है।
शासन की यह पहल जिले में सुरक्षित मातृत्व, परिवार नियोजन और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।












