Truck Accident : 70 फीट नीचे उफनते नाले में जा गिरा तेज रफ्तार ट्रक, केबिन काटकर निकाला गया चालक का शव

News Power Zone
3 Min Read
Truck Accident: Speeding truck plunges 70 feet into a raging drain; driver's body recovered after cutting open the cabin.

रायगढ़, 14 सितंबर। Truck Accident : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धरमजयगढ़ से रायगढ़ की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्रक सरिया नाला पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 70 फीट नीचे उफनते नाले में जा गिरा। हादसे के बाद ट्रक गहरे पानी में पूरी तरह डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस, ग्रामीण और राहत दल मौके पर पहुंचे।

70 फीट नीचे गिरा ट्रक, पानी में डूबा चालक

हादसे के बाद ट्रक का कुछ पता नहीं चल रहा था और चालक भी लापता था। मौके पर मौजूद पुलिस और ग्रामीणों को आशंका थी कि चालक तेज बहाव में बह गया होगा या हादसे के दौरान जान बचाने के लिए ट्रक से बाहर कूद गया होगा। इसी आशंका के चलते रेस्क्यू टीम ने नाले में व्यापक स्तर पर तलाश शुरू की।

गोताखोरों की दो टीमों ने घंटों चलाया रेस्क्यू

चालक की तलाश के लिए गोताखोरों की दो टीमों को नाले में उतारा गया। टीमों ने काफी देर तक पानी के भीतर और आसपास के तटीय इलाकों में खोजबीन की, लेकिन चालक का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने हाइड्रा मशीन मंगाकर पानी में डूबे ट्रक को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की।

ट्रक बाहर आया तो सामने आई हादसे की भयावह तस्वीर

भारी मशक्कत के बाद ट्रक को नाले से बाहर खींचकर सीधा किया गया। इसके बाद हादसे की भयावह तस्वीर सामने आई। करीब 70 फीट नीचे गिरने के कारण ट्रक का लोहे का केबिन बुरी तरह दबकर चिपक गया था। चालक का शव केबिन के अंदर ही फंसा हुआ था।

गैस कटर से काटना पड़ा केबिन, शव निकाला गया

केबिन की हालत इतनी खराब थी कि चालक के शव को सीधे बाहर निकालना संभव नहीं था। इसके बाद गैस कटर की मदद से केबिन को काटा गया और चालक के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक चालक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

चिराईपानी और खरसिया में भी सामने आए सड़क हादसे

रायगढ़ जिले में हाल के दिनों में सड़क हादसों की कई घटनाएं सामने आई हैं। 8 जुलाई को रायगढ़-घरघोड़ा मार्ग पर चिराईपानी के पास एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया था, हालांकि उस हादसे में चालक को सुरक्षित बचा लिया गया था। वहीं शनिवार को खरसिया में एक अनियंत्रित ट्रेलर ने तीन मकानों को चपेट में ले लिया था। इस हादसे में चार बाइक भी आग की चपेट में आ गई थीं।

Share This Article