Korba : रफ्तार का कहर..! हाइवा ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर मौत… आक्रोशित परिजनों का चक्काजाम

News Power Zone
3 Min Read

कोरबा, 5 अप्रैल 2026।Korba road accident Hyva truck bike rider death छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बलगी मोड़ स्थित शराब दुकान के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सुबह 9 बजे हुआ हादसा, मौके पर तोड़ा दम

Korba road accident मृतक की पहचान सुमेधा सलिहाभांठा निवासी रामेश्वर दास (35 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 9 बजे रामेश्वर अपनी बाइक से जा रहा था, तभी विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयानक था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला।

मौत की खबर मिलते ही मचा कोहराम

जैसे ही हादसे की सूचना गांव और परिजनों तक पहुंची, माहौल गमगीन हो गया। रोते-बिलखते परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

आक्रोशित भीड़ की मांग—कड़ी कार्रवाई और मुआवजा

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने लापरवाह हाइवा चालक पर सख्त कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने से लगातार हादसे हो रहे हैं।

पुलिस मौके पर, जाम खुलवाने की कोशिश जारी
हंगामे की सूचना मिलते ही बांकीमोंगरा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस आक्रोशित भीड़ को शांत कराने और जाम हटवाने में जुटी है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई है। वहीं, पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि आखिर कब तक रफ्तार यूं ही जिंदगियां निगलती रहेगी।

Share This Article