
भोपाल। शहर के शाहपुरा क्षेत्र के रोहित नगर में एक महिला डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। महिला का शव उनके घर के बंद कमरे में मिला। हाथ में इंजेक्शन का निशान था, जिससे पुलिस जहर के इंजेक्शन से मौत होने की आशंका जता रही है। महिला के परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है।
शाहपुरा पुलिस के अनुसार डॉ रिचा पांडे (32) मूल रूप से सतना की रहने वाली थीं। अभी उनका परिवार लखनऊ में रहता है। वह एमबीबीएस थीं और वर्तमान में आरकेडीएफ कॉलेज में सहायक प्रोफेसर के रूप में कार्यरत थीं। चार महीने पहले उनकी शादी सतना के रहने वाले डॉ अभिजीत पांडे से हुई थी। अभिजीत डेंटिस्ट हैं और एमपी नगर में उनका प्राइवेट क्लिनिक है।
महिला के पति ने पुलिस को बताया कि रात में उनकी पीठ में दर्द था, जिसके चलते वह अलग कमरे में सोए थे। रिचा बेडरूम में सो रही थीं। सुबह नौ बजे तक दरवाजा नहीं खोला, तो मजदूरों को बुलाकर दरवाजे की कुंडी तोड़ी। वह बेड पर बेसुध अवस्था में सोती दिखीं।
उसके बाद रिचा के चाचा को फोन कर बताया। उनको अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।