Featuredक्राइमदेश

Police: गुरु से मांगी शिष्य ने रिश्वत, IPS ने उड़ा दिए पुलिसकर्मी के होश, जानिए

बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर में भ्रष्ट पुलिस कर्मियों का एक हैरान कर देने वाला कारनामा सामने आया, जहां ट्रैफिक पुलिस कर्मियों का दुःसाहस तो देखिए, उन्होंने एसीबी में तैनात आईपीएस अधिकारी से ही रिश्वत मांग ली। बाद में जब संबंधित आईपीएस अधिकारी ने अपने पद का हवाला दिया, तो पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए, पुलिसकर्मी अधिकारी के पैर पड़कर माफी की मिन्नते मांगने लगे। बाद में जब यह मामला बीकानेर एसपी के पास पहुंचा, तो उन्होंने चार पुलिस कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।

 

एसीबी के एसपी से ही पुलिस कर्मियों ने मांग ली रिश्वत

हैरान करने वाला भ्रष्ट पुलिस कर्मियों का यह कारनामा बीकानेर के हाईवे पर सामने आया, जहां एक आईपीएस अधिकारी अपनी गाड़ी से बीकानेर से जयपुर जाते समय हाईवे पर गुजर रहे थे। इस बीच ट्रैफिक के चार पुलिसकर्मियों ने उनकी कार को रोक लिया, उन्हें यह भी अंदाजा नहीं था कि इस गाड़ी में कौन बैठे हैं? उन्होंने कार ड्राइवर को धमकाते हुए 2 हजार रुपए मांगे। इस पर गाड़ी में बैठे आईपीएस अधिकारी ने ड्राइवर को इशारे से रुपए कम करवाने की कहकर 500 का नोट दिलवाया। नोट मिलने के बाद पुलिस कर्मियों के उस समय पसीने छूट गए, जब अधिकारी बाहर निकले।

आईपीएस अधिकारी के पैर पड़कर मांगी माफी
गाड़ी में बैठे एक आईपीएस अधिकारी के इशारे पर ड्राइवर ने पुलिस कर्मियों के साथ 500 रुपए में सौदा तय किया। इसके बाद ड्राइवर ने उन्हें 500 का नोट थमाया। पुलिस कर्मियों ने वह नोट लेकर अपनी जेब में रखा, तभी अधिकारी कार से बाहर उतरे और उन्होंने बताया कि मैं एसीबी में एसपी हूं, यह सुनते ही मौजूद पुलिस कर्मियों के पसीने छूट गए। पुलिसकर्मी डर के मारे कांपने लगे। इस दौरान पुलिसकर्मी आईपीएस अधिकारी के पैर पड़कर माफी मांगने लगे। इस पर आईपीएस ने पुलिसकर्मियों को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद अधिकारी ने वहां के टीआई को मामले की जानकारी दी।

बीकानेर एसपी ने पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर
इधर, बताया जा रहा है कि आईपीएस अधिकारी ने मामले को ज्यादा तूल नहीं देते हुए केवल टीआई को घटना की जानकारी दी, लेकिन जब यह मामला बीकानेर एसपी कवेंद्र सिंह सागर के पास पहुंचा, तो उन्होंने क्विक एक्शन दिखाया। उन्होंने आरोपी हेड कांस्टेबल कानदान, कांस्टेबल सुनील कुमार, शंकर लाल और मनोज कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। इधर, आईपीएस अधिकारी से रिश्वत मांगने का मामला काफी चर्चा में है।

Related Articles

Back to top button