छत्तीसगढ़

Jharkhand Liquor Scam Case : झारखंड शराब घोटाले में बड़ी सफलता…! दुर्ग के कारोबारी नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार

अवैध शराब कारोबार और ठेकों में गड़बड़ी के आरोप में नवीन केडिया गिरफ्तार

झारखंड, 08 जनवरी। Jharkhand Liquor Scam Case : झारखंड में उजागर हुए बड़े शराब घोटाले की जांच निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुकी है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी शराब कारोबारी नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे केडिया की गिरफ्तारी को इस घोटाले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

एसीबी के अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान नवीन केडिया की भूमिका संदिग्ध पाई गई थी। उसके खिलाफ अवैध शराब कारोबार, ठेकों के आवंटन में गड़बड़ी और कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े ठोस साक्ष्य मिले हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर रांची लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

सूत्रों के मुताबिक, केडिया को कई बार पूछताछ के लिए तलब किया गया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद उसने अग्रिम जमानत की याचिका अदालत में दायर की थी, जिसे गंभीरता को देखते हुए खारिज कर दिया गया। इसके बाद वह अलग-अलग राज्यों में छिपकर रह रहा था। एसीबी को गोवा में उसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई और उसके आधार पर कार्रवाई की गई।

एसीबी ने शराब घोटाले से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, बैंक खातों का विवरण और डिजिटल साक्ष्य पहले ही जमा कर लिए हैं। अब नवीन केडिया से पूछताछ के बाद पूरे नेटवर्क, अन्य कारोबारियों और कथित संरक्षण देने वाले अधिकारियों की भूमिका भी सामने आने की संभावना है।

नवीन केडिया की गिरफ्तारी से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि एसीबी इस घोटाले की जांच को गंभीरता से ले रही है। आने वाले दिनों में और भी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है और जांच का दायरा व्यापक होने की उम्मीद है।

 

Related Articles

Back to top button