Social Policing : खाकी में इंसानियत ज़िंदा…! 75 वर्षीय बुजुर्ग से पुलिस चौकी में ध्वजारोहण…गणतंत्र दिवस पर पुलिस चौकी में भावुक पल

News Power Zone
2 Min Read
Social Policing

कोरबा, 26 जनवरी। Social Policing : ऊर्जाधानी कोरबा में सोशल पुलिसिंग की एक अनूठी और प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर शहर की सर्वमंगला पुलिस चौकी में ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने यह साबित कर दिया कि खाकी के सीने में आज भी इंसानियत ज़िंदा है।

आमतौर पर राष्ट्रीय पर्वों पर ध्वजारोहण वीआईपी या विशेष अतिथियों द्वारा किया जाता है, लेकिन इस परंपरा को तोड़ते हुए सर्वमंगला चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विभव तिवारी ने एक सराहनीय पहल की। उन्होंने न तो स्वयं ध्वजारोहण किया और न ही किसी विशेष अतिथि को बुलाया, बल्कि वृद्धाश्रम में रहने वाले 75 वर्षीय गणमान्य नागरिक भूपनारायण को ससम्मान आमंत्रित कर पुलिस चौकी में ध्वजारोहण कराया।

ध्वजारोहण के दौरान भूपनारायण भावुक हो उठे और उनकी आँखों से खुशी के आँसू छलक पड़े। उन्होंने चौकी प्रभारी विभव तिवारी को दिल से आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने वृद्धजनों का सम्मान किया और उनका हालचाल जानकर उन्हें स्वल्पाहार भी उपलब्ध कराया।

यह पहल न केवल पुलिस और समाज के बीच विश्वास को मजबूत करती है, बल्कि यह भी संदेश देती है कि सोशल पुलिसिंग केवल शब्द नहीं, बल्कि संवेदनशीलता और सम्मान से जुड़ा एक जीवंत उदाहरण है। सर्वमंगला चौकी प्रभारी की यह सोच और कार्यशैली पूरे क्षेत्र में प्रशंसा का विषय बनी हुई है।

Share This Article