Smart Anganwadi in Korba : कोरबा में बच्चों के लिए बन रहा ‘स्मार्ट आंगनबाड़ी’…! कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर जांची गुणवत्ता
पसरखेत में बन रहा आधुनिक आंगनबाड़ी भवन
कोरबा, 09 मई। Smart Anganwadi in Korba : जिले के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा वातावरण देने की दिशा में प्रशासन तेजी से काम कर रहा है। इसी कड़ी में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शुक्रवार को जनपद पंचायत कोरबा अंतर्गत ग्राम पसरखेत में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन का निरीक्षण किया। यह भवन ‘बाला मॉडल’ के तहत तैयार किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता का जायजा लिया और अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि काम तय समय-सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए।
गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जनपद पंचायत कोरबा के सीईओ खगेश निर्मलकर को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर चरण की प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बच्चों के अनुकूल शिक्षण वातावरण तैयार करने के लिए बाला मॉडल के सभी मानकों का पालन अनिवार्य रूप से किया जाए।
क्या है बाला मॉडल?
‘बाला मॉडल’ यानी सीखने के साधन के रूप में भवन एक ऐसी अवधारणा है, जिसमें भवन और परिसर को ही सीखने का माध्यम बनाया जाता है। इसमें रंग, चित्र, गतिविधियां, खेल और स्थानीय संदर्भों के जरिए ऐसा माहौल तैयार किया जाता है, जिससे बच्चे खेल-खेल में सीख सकें। इस मॉडल का उद्देश्य बच्चों को आकर्षक, रचनात्मक और गतिविधि आधारित शिक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है।
निरीक्षण के दौरान ये अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के एसडीओ, उप अभियंता, ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कलेक्टर को निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी दी और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।




