Silver Jubilee : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के बीच सामने आई दुखद घटना…! VVIP ड्यूटी पर आए प्रधान आरक्षक का निधन…CM ने व्यक्त किया शोक

News Power Zone
2 Min Read
NAMTECH College
रायपुर, 02 नवंबर। Silver Jubilee : छत्तीसगढ़ के गठन के 25वें वर्ष पर राजधानी रायपुर में राज्योत्सव का रजत जयंती वर्ष धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस समारोह की शुरुआत आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं छत्तीसगढ़ आकर की। लेकिन इसी उत्सव के बीच एक दुखद खबर सामने आई है, वीवीआईपी ड्यूटी पर आए एक पुलिसकर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक फुलजेन्स पन्ना (आयु 61 वर्ष), क्रमांक 291, की पदस्थापना कांकेर जिला रिज़र्व बल में थी। वह प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था के लिए वीवीआईपी ड्यूटी में रायपुर पहुंचे थे। सुबह नाश्ता करने और दवा लेने के बाद उन्हें सिर दर्द और चक्कर आने की शिकायत हुई। सहकर्मियों ने तुरंत उन्हें पुलिस अस्पताल रायपुर ले जाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रामकृष्ण अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान सुबह करीब 10:30 बजे फुलजेन्स पन्ना ने अंतिम सांस ली।

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग

टिकरापारा थाना, रायपुर में इस मामले में मर्ग क्रमांक 43/25, धारा 194 बीएनएस के तहत पंचनामा कार्रवाई की गई है। घटना की सूचना कांकेर और रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

गृहग्राम में होगा अंतिम संस्कार

स्वर्गीय फुलजेन्स पन्ना का पैतृक गांव कुनकुरी ब्लॉक, जिला जशपुर में है। परिजनों को शव के साथ सहायक उपनिरीक्षक राजकुमार सिन्हा तथा आरक्षक गौतम, संजय और भागीराम पुलिस दल के साथ रवाना किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने व्यक्त किया शोक

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधान आरक्षक फुलजेन्स पन्ना के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक की पुत्री अनामिका पन्ना से दूरभाष पर बात कर संवेदना प्रकट की और कहा कि, राज्य सरकार इस कठिन समय में शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है तथा हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
Share This Article