Shooting at a Liquor Party : निजी पार्टी में ट्रैफिक इंस्पेक्टर की फायरिंग…! बाल-बाल बचा बर्खास्त सिपाही…बीयर विवाद बना जानलेवा

News Power Zone
2 Min Read
Shooting at a Liquor Party

दुर्ग, 14 जनवरी। Shooting at a Liquor Party : छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस महकमे की छवि को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। मोहन नगर थाना क्षेत्र में आयोजित एक निजी पार्टी के दौरान मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई से होते हुए फायरिंग तक पहुंच गई। शराब के नशे में धुत एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने बर्खास्त सिपाही पर अपनी सर्विस पिस्टल से फायर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार रात की है, जब मोहन नगर क्षेत्र में एक निजी शराब पार्टी आयोजित की गई थी। इस पार्टी में पुलिस विभाग से जुड़े कुछ अधिकारी-कर्मचारी, सफेदपोश नेता और असामाजिक तत्व भी शामिल थे। पार्टी के दौरान बीयर की बोतल देने को लेकर ट्रैफिक इंस्पेक्टर तपेश नेताम और बर्खास्त सिपाही सहदेव के बीच कहासुनी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नशे की हालत में सहदेव ने इंस्पेक्टर को बीयर की बोतल दी, जिसे इंस्पेक्टर ने अपनी शान के खिलाफ मानते हुए जमीन पर पटक दिया। इससे नाराज सहदेव ने आवेश में आकर इंस्पेक्टर को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया।

आरोप है कि इस घटना से बौखलाए ट्रैफिक इंस्पेक्टर तपेश नेताम ने गुस्से में अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर सहदेव की ओर फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली उसके बगल से निकल गई और वह बाल-बाल बच गया। फायरिंग की आवाज सुनते ही पार्टी में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे।

बताया जा रहा है कि बर्खास्त सिपाही सहदेव महादेव ऑनलाइन सट्टा संचालन के मामले में आरोपी है और पूर्व में ईडी द्वारा गिरफ्तार किया जा चुका है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी विजय अग्रवाल ने पूरे घटनाक्रम की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Share This Article