SECL के मानिकपुर प्रोजेक्ट का होगा बड़ा विस्तार…! 21 अगस्त को जनसुनवाई, बढ़ेगा कोयला उत्पादन

News Power Zone
2 Min Read
SECL

कोरबा, 20 जुलाई। SECL : साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के मानिकपुर ओपनकास्ट एक्सपेंशन प्रोजेक्ट को लेकर पर्यावरण स्वीकृति प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल (CECB) ने परियोजना की लोक सुनवाई (Public Hearing) की अधिसूचना जारी कर दी है। प्रस्ताव के अनुसार, परियोजना की उत्पादन क्षमता और क्षेत्रफल दोनों में वृद्धि की जाएगी।

5.25 से बढ़कर 7.0 MTPA होगा उत्पादन

अधिसूचना के अनुसार, मानिकपुर ओपनकास्ट परियोजना की उत्पादन क्षमता 5.25 मिलियन टन प्रतिवर्ष (MTPA) से बढ़ाकर 7.0 MTPA करने का प्रस्ताव है। वहीं परियोजना का क्षेत्रफल 1018.925 हेक्टेयर से बढ़ाकर 1031.507 हेक्टेयर किया जाएगा।

21 अगस्त को होगी लोक सुनवाई

परियोजना से संबंधित लोक सुनवाई 21 अगस्त 2026 (शुक्रवार) सुबह 11 बजे कल्याण मंडप, मानिकपुर साप्ताहिक बाजार के पास, कोरबा में आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रभावित क्षेत्र के नागरिक, जनप्रतिनिधि और अन्य हितधारक अपनी राय, सुझाव और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।

30 दिनों तक लिखित आपत्ति भी दे सकेंगे

पर्यावरण संरक्षण मंडल के अनुसार, अधिसूचना जारी होने की तिथि से 30 दिनों के भीतर इच्छुक व्यक्ति क्षेत्रीय कार्यालय, कोरबा में लिखित रूप से भी अपनी आपत्तियां और सुझाव जमा कर सकते हैं।

इन गांवों पर पड़ सकता है असर

प्रस्तावित विस्तार का प्रभाव मिलाईभांठा, दादर, मानिकपुर, इस्मलीडुग्गू, जरहद और कुकरी सहित आसपास के गांवों पर पड़ सकता है। पर्यावरणीय मंजूरी की प्रक्रिया में जनसुनवाई एक अनिवार्य चरण है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article