छत्तीसगढ़
Sarafa Vyapari Murder : दिनदहाड़े व्यापारी हत्याकांड का बड़ा खुलासा…! 7 आरोपी गिरफ्तार…बड़ी मात्रा में सोना-चांदी बरामद…देखें VIDEO
टेक्निकल और ह्यूमन इंटेलिजेंस से मिली सफलता
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 11 जून। Sarafa Vyapari Murder : जिले के बहुचर्चित कोटमीकला सर्राफा व्यापारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 26 मई को साप्ताहिक बाजार में दिनदहाड़े हुई लूट और हत्या की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने महज 14 दिनों के भीतर सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि इस वारदात के पीछे बिहार और झारखंड से जुड़े शातिर लुटेरों का गैंग सक्रिय था, जिसने कई दिनों तक रेकी करने के बाद व्यापारी को निशाना बनाया।
पुलिस के अनुसार, कोटमीकला साप्ताहिक बाजार में सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी सोना-चांदी के आभूषणों की बिक्री के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उनका बैग लूटने का प्रयास किया। व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर मुख्य आरोपी ने अवैध हथियार से गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने साइबर सेल, एसीसीयू और विभिन्न जिलों की संयुक्त टीम बनाकर मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपियों की पहचान की। जांच में पता चला कि मुख्य आरोपी खुशीराम साहू ने बिहार और झारखंड के अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। आरोपियों ने वारदात से पहले कई दिनों तक बाजार और व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रखी और फिर योजनाबद्ध तरीके से लूट व हत्या को अंजाम दिया।





