कोरबा

Rampur Vidhansabha : कोरबा में विधायक प्रतिनिधि पर पुलिस चौकी के भीतर मारपीट का आरोप…! तीन FIR दर्ज

शिकायत करने पहुंचे युवक को चौकी में फिर पीटने का आरोप

कोरबा,03 जनवरी। Rampur Vidhansabha : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक फूल सिंह राठिया के प्रतिनिधि जयकिशन पटेल पर पुलिस चौकी के भीतर ही आरक्षक और एक युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इस हाई-प्रोफाइल विवाद के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत करने पहुंचे युवक को चौकी में फिर पीटने का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 31 दिसंबर की रात को हुई। करतला थाने में पदस्थ आरक्षक विकास कोसले ने बताया कि ड्यूटी के बाद जब वे अपने घर रजगामार के ओमपुर कॉलोनी पहुंचे, तो उनके भाई (मामा का बेटा) राजेंद्र जांगड़े बदहवास हालत में वहां पहुंचे।

राजेंद्र जांगड़े ने आरोप लगाया कि विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल ने उनके साथ मारपीट की और जातिगत गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरक्षक विकास अपने रिश्तेदार को लेकर रजगामार पुलिस चौकी शिकायत दर्ज कराने पहुंचे।

पुलिस चौकी के भीतर हंगामा और मारपीट का आरोप

आरोप है कि जब राजेंद्र चौकी में आवेदन लिख रहा था, उसी दौरान जयकिशन पटेल पुलिस चौकी पहुंच गए और वहां भी हंगामा शुरू हो गया। बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे आरक्षक विकास कोसले और राजेंद्र जांगड़े के साथ चौकी के भीतर ही कथित तौर पर मारपीट की गई।

तीन एफआईआर दर्ज, काउंटर केस भी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अब तक तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं, आरक्षक विकास कोसले की रिपोर्ट पर अपने ही विभाग के आरक्षक के साथ बदसलूकी और मारपीट के मामले में जयकिशन पटेल के खिलाफ अपराध दर्ज। राजेंद्र जांगड़े की शिकायत पर मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं के तहत दूसरी एफआईआर। काउंटर रिपोर्ट विधायक प्रतिनिधि जयकिशन पटेल ने आरक्षक विकास और राजेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पटेल का आरोप है कि गांधी चौक के पास उनके साथ मारपीट की गई और मोबाइल छीनने की कोशिश हुई।

रसूख और कानून व्यवस्था पर उठे सवाल

पुलिस चौकी के भीतर एक आरक्षक के साथ मारपीट की घटना ने कानून व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधियों के आचरण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रजगामार पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button