रायपुर
Ramakrishna Hospital : रायपुर में बड़ा हादसा…! रामकृष्ण अस्पताल के सीवरेज टैंक में जहरीली गैस से 3 मजदूरों की मौत…यहां देखें VIDEO
अस्पताल में लापरवाही का आरोप, जांच में जुटा प्रशासन
रायपुर, 18 मार्च। Ramakrishna Hospital : राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है, जो सभी सिमरन सिटी के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में स्थित सीवरेज टैंक की सफाई के लिए मजदूरों को उतारा गया था। इसी दौरान टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौके पर ही तीनों की मौत हो गई। आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतारा गया था।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।



