Raipur Crime News: रायपुर में महिला को पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश! गंभीर हालत में भर्ती, आरोपी फरार; CCTV से तलाश तेज

News Power Zone
3 Min Read
Raipur Crime News

रायपुर, 14 सितंबर। Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक महिला को कथित तौर पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार देर रात हुई इस घटना में राजकुमारी साहू गंभीर रूप से झुलस गईं। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाकर उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां मेकाहारा में उनका इलाज जारी है।

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता राजकुमारी साहू आरंग की रहने वाली हैं। मामले में आरोपी की पहचान वीरू धीवर के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पेट्रोल डालकर लगा दी आग

पुलिस के अनुसार, रविवार रात वीरू धीवर ने कथित तौर पर राजकुमारी साहू पर पेट्रोल उड़ेल दिया और आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी महिला ने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाई। इसके बाद महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

2021 से पहले से संबंध होने की जानकारी

पुलिस के मुताबिक, वीरू धीवर और राजकुमारी साहू के बीच लंबे समय से संबंध थे। एएसपी अभिषेक झा के अनुसार, जांच में दोनों के बीच वर्ष 2021 से पहले से अफेयर होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, राजकुमारी शादी के बाद ससुराल पक्ष से अलग रह रही थीं। घटना से पहले भी दोनों के संपर्क में होने की बात सामने आई है।

सास पर हमले का भी दर्ज हुआ था केस

पुलिस के मुताबिक, इसी साल आरंग थाने में एक मामला दर्ज हुआ था। इसमें आरोपी वीरू धीवर पर राजकुमारी साहू की सास पर फावड़े से हमला करने का आरोप लगा था। इस मामले में धारा 307 के तहत केस दर्ज किया गया था। इस घटना के बाद पति-पत्नी के अलग-अलग रहने की बात सामने आई है। पुलिस अब महिला पर हमले की वजह और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

आरोपी फरार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और घटना के बाद आरोपी किस दिशा में फरार हुआ। फिलहाल आरोपी वीरू धीवर की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Share This Article