BreakingFeaturedछत्तीसगढ़देशसामाजिक

Raipur City News: अंतरिक्ष यात्री शुभ्रांशु शुक्ला कल रायपुर में, छत्तीसगढ़ में अंतरिक्ष क्रांति की शुरुआत, नवा रायपुर में खुलेगा अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र,सीएम साय होंगे शामिल

Raipur City News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के शैक्षिक और वैज्ञानिक क्षेत्र में मंगलवार को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। राज्य में पहली बार अंतरिक्ष यात्री के आगमन के साथ अंतरिक्ष विज्ञान की नई क्रांति की शुरुआत हो रही है। जिला प्रशासन रायपुर एवं IDYM फाउंडेशन, सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड के सहयोग से प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी का शुभारंभ किया जा रहा है।

Raipur City News: इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत नवा रायपुर में प्रदेश के पहले अत्याधुनिक अंतरिक्ष केंद्र की स्थापना की गई है, जिसका लोकार्पण 3 फरवरी सुबह 10 बजे, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, राखी नवा रायपुर में किया जाएगा।

Raipur City News: यह परियोजना प्रदेश के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, उपग्रह तकनीक और आधुनिक स्पेस रिसर्च से सीधे जोड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है। इस केंद्र के माध्यम से छात्रों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ उपग्रह निर्माण, परीक्षण और संचालन की वास्तविक प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

 

Raipur City News: पहली बार छत्तीसगढ़ आएंगे अंतरिक्ष यात्री

 

इस ऐतिहासिक अवसर पर भारत के प्रतिष्ठित अंतरिक्ष यात्री, अशोक चक्र से सम्मानित एवं भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ टेस्ट पायलट ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे। गगनयान मिशन के अग्रणी नायकों में शामिल ग्रुप कैप्टन शुक्ला प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी के ब्रांड एंबेसडर के रूप में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें अंतरिक्ष विज्ञान में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगे। अंतरिक्ष केंद्र का लोकार्पण मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की गरिमामयी उपस्थिति में होगा। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव तथा कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहब की विशेष उपस्थिति रहेगी।

Raipur City News: अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अंतरिक्ष केंद्र

नवा रायपुर में स्थापित यह अंतरिक्ष केंद्र ISRO मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। इसमें—

* स्पेस क्वालिफाइड क्लीन रूम
* स्टूडेंट सैटेलाइट लेबोरेटरी
* ग्राउंड स्टेशन और मिशन कंट्रोल सेंटर

जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यहां विद्यार्थी स्वयं उपग्रह का डिज़ाइन, असेम्बली, परीक्षण और सिग्नल व डेटा डिकोडिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

Raipur City News:छत्तीसगढ़ को स्पेस टेक्नोलॉजी हब बनाने की दिशा में कदम

बता दें कि प्रोजेक्ट अंतरिक्ष संगवारी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़ाकर वास्तविक वैज्ञानिक प्रयोगों से जोड़ना, राज्य में अनुसंधान एवं नवाचार की संस्कृति को मजबूत करना और छत्तीसगढ़ को भविष्य में स्पेस टेक्नोलॉजी व रिसर्च हब के रूप में स्थापित करना है। यह अंतरिक्ष केंद्र प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा और छत्तीसगढ़ के युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान को करियर विकल्प के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button