कोरबा में “पुलिस स्मृति दिवस” मनाया गया, शहीद जवानों को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि

News Power Zone
2 Min Read

कोरबा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर, कोरबा में आज “पुलिस स्मृति दिवस” का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

कार्यक्रम में वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, कलेक्टर अजीत वसंत , पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.), पूर्व गृह मंत्री ननकीराम कंवर, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, सहित जिले के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पमालाएं अर्पित कर अमर जवानों को नमन किया।

 

इस अवसर पर जिले के 12 शहीद पुलिस जवानों को स्मरण किया गया। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने उनके नाम लेकर सलामी दी। इसके पश्चात परेड दल द्वारा “शोक शस्त्र” कर मौन धारण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम के दौरान शहीद जवानों के परिजनों को शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने शहीद परिवारों से भेंट कर उनका हालचाल जाना और उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

हर वर्ष 21 अक्टूबर को देशभर में “पुलिस स्मृति दिवस” मनाया जाता है, जो उन वीर जवानों की स्मृति में समर्पित है जिन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितीश सिंह ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक (भा.पु.से.), सीएसपी कोरबा भूषण एक्का, हेडक्वार्टर डीएसपी श्रीमती प्रतिभा मरकाम, एसडीओपी कटघोरा पंकज ठाकुर, रक्षित निरीक्षक अनथ राम पैकरा, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शहीद जवानों के परिजन, मीडिया प्रतिनिधि तथा जिले के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Share This Article