POCSO Case : कोरबा में सनसनी…! 10वीं की छात्रा बनी मां…शादी का वादा कर यौन शोषण का आरोप…आरोपी पर POCSO के तहत मामला दर्ज
पुलिस जांच में जुटी
कोरबा, 14 जुलाई। POCSO Case : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। करतला थाना क्षेत्र की 10वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया। अस्पताल से पुलिस को सूचना मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पीड़िता ने गांव के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ POCSO Act सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल से पुलिस को मिली सूचना
प्रसव पीड़ा होने पर परिजन छात्रा को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसने स्वस्थ शिशु को जन्म दिया। अस्पताल प्रबंधन ने नियमानुसार पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज किया।
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़िता के अनुसार, गांव का रहने वाला आदर्श कुजूर शादी का वादा कर उसके संपर्क में आया और इसी बहाने उसका यौन शोषण करता रहा। गर्भवती होने के बाद जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी ने साथ रखने से इनकार कर दिया।
परिजनों ने की न्याय की मांग
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि आरोपी की उम्र लगभग 24 वर्ष है। उनका कहना है कि पहले शादी के लिए सहमति जताई गई, लेकिन बाद में आरोपी मुकर गया। प्रसव के बाद भी आरोपी या उसके परिवार का कोई सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा। परिजनों ने बेटी के लिए सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
POCSO समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज
सिविल लाइन थाना पुलिस ने अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर प्रारंभिक कार्रवाई कर मामला संबंधित करतला थाना भेज दिया है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ POCSO Act और अन्य प्रासंगिक धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






