Paper Leak Controversy : NEET विवाद के बीच सामने आई दुखद खबर…! 12वीं में 92% लाने वाली छात्रा ने दी जान…पेपर लीक की खबरों से टूट गई थी भाग्यश्री

News Power Zone
3 Min Read
Paper Leak Controversy

कलाबुर्गी, 25 मई। Paper Leak Controversy : देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET को लेकर जारी विवाद और पेपर लीक की खबरों के बीच कर्नाटक से एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। कलाबुर्गी जिले में मेडिकल कॉलेज में दाखिले का सपना देख रही एक होनहार छात्रा ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतका की पहचान भाग्यश्री पाटिल के रूप में हुई है, जिसने हाल ही में घोषित सेकंड ईयर पीयू (12वीं बोर्ड) परीक्षा में शानदार 92 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। परिवार और शिक्षकों को उससे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन अचानक उठाए गए इस कदम ने हर किसी को स्तब्ध कर दिया है।

पिता बोले- पेपर लीक की खबरों से टूट गई थी बेटी

भाग्यश्री के पिता राजशेखर पाटिल ने बताया कि उनकी बेटी पिछले कुछ दिनों से गहरे मानसिक तनाव में थी। उनके मुताबिक, NEET परीक्षा को लेकर सामने आ रही पेपर लीक और धांधली की खबरों ने उसे अंदर तक झकझोर दिया था। वह लगातार अपने भविष्य को लेकर परेशान रहने लगी थी।

हालांकि, पिता ने पुलिस में दर्ज शिकायत में किसी को सीधे तौर पर जिम्मेदार नहीं ठहराया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजहों का पता लगाने में जुटी है।

व्यवस्था और मानसिक दबाव पर फिर उठे सवाल

यह घटना एक बार फिर देश की प्रतियोगी परीक्षा व्यवस्था और छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। मेहनत करने वाले लाखों छात्रों के बीच पेपर लीक जैसी खबरें उनके आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन को प्रभावित कर रही हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर बढ़ता दबाव, सामाजिक अपेक्षाएं और भविष्य की चिंता कई छात्रों को मानसिक रूप से कमजोर बना रही है। ऐसे समय में परिवार और समाज की भूमिका बेहद अहम हो जाती है।

मदद की जरूरत हो तो चुप न रहें

यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव, डिप्रेशन या आत्मघाती विचारों से जूझ रहा है, तो तुरंत मदद लें। भारत सरकार की टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर 24×7 मुफ्त और गोपनीय मानसिक स्वास्थ्य सहायता उपलब्ध है।

Share This Article