Air India Emergency Landing : दिल्ली-मुंबई एअर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग…! वापस लौटा दिल्ली से मुंबई जा रहा विमान

News Power Zone
2 Min Read
Air India Emergency Landing

नई दिल्ली, 22 दिसंबर। Air India Emergency Landing: दिल्ली एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI 887 को तकनीकी खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा। टेकऑफ के कुछ देर बाद ही आई इस समस्या के चलते विमान की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

22 दिसंबर की सुबह दिल्ली से मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट AI 887 के यात्रियों के लिए सफर की शुरुआत चिंताजनक रही। एअर इंडिया के प्रवक्ता द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, जैसे ही विमान ने रनवे से उड़ान भरी, चालक दल (क्रू) को विमान में तकनीकी समस्या का आभास हुआ। इसके बाद विमान को वापस दिल्ली की ओर मोड़ने का फैसला किया।

सुरक्षित लैंड हुआ विमान, यात्री सुरक्षित

खराबी की सूचना के बाद विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की गई। राहत की बात यह है कि विमान में सवार सभी यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें विमान से सुरक्षित उतार लिया गया है,। एअर इंडिया ने इस अप्रत्याशित घटना के कारण यात्रियों को हुई असुविधा के लिए औपचारिक रूप से खेद व्यक्त किया है।

तकनीकी जांच और वैकल्पिक व्यवस्था जारी

विमान के उतरने के बाद उसे आवश्यक जांच के लिए भेज दिया गया है। एयरलाइन के विशेषज्ञ दल इस खराबी के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर तैनात एअर इंडिया की ग्राउंड टीम प्रभावित यात्रियों को तत्काल सहायता प्रदान कर रही है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को उनके गंतव्य मुंबई तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था की जा रही है ताकि उन्हें और अधिक देरी का सामना न करना पड़े।

Share This Article