Korba: बाँकी मोंगरा नगर पालिका में बढ़ती अव्यवस्थाओं के खिलाफ विपक्ष ने खोला मोर्चा.. ज़िलाधीश को सौंपा ज्ञापन…

News Power Zone
2 Min Read

बाँकी मोंगरा 30 जुलाई। नगर पालिका क्षेत्र में व्याप्त अव्यवस्थाओं और लंबे समय से सामान्य सभा का आयोजन न होने से नाराज़ विपक्षी पार्षदों ने मंगलवार को ज़िलाधीश को ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द सामान्य सभा बुलाने की माँग की।

नेता प्रतिपक्ष मधुसूदन दास के नेतृत्व में पार्षदों ने ज़िलाधीश से मुलाक़ात कर क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट, जगह-जगह जलभराव, और सड़क कटाव जैसी बुनियादी समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया।

दास ने कहा, “छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम 1961 की धारा 54 के अनुसार, हर दो माह में कम से कम एक बार सामान्य सभा का आयोजन अनिवार्य है, लेकिन बाँकी मोंगरा नगर पालिका में महीनों से बैठक नहीं हो रही, जिससे विकास कार्य ठप हैं और जनता परेशान है।”

पार्षद राकेश अग्रवाल, राजकुमार मिश्रा और निक्कू कुकरेजा ने बताया कि क्षेत्र की करीब 80% स्ट्रीट लाइटें बंद हैं, जिससे बारिश के समय दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि “नालियों की सफ़ाई न होने से जलभराव और टूटी सड़कों ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है, लेकिन पालिका प्रशासन आँख मूँदे बैठा है।”

विपक्षी पार्षदों ने ज़िलाधीश से इन समस्याओं के शीघ्र समाधान और सामान्य सभा की त्वरित तिथि निर्धारित करने की माँग की।

इस दौरान पार्षद संदीप डहरिया, ओमप्रकाश कुमार, इंद्रजीत बींझवार, लालू साहू, आज़ाद ख़ान, जुनैद मेमन, धनंजय राठौर, और बबलू मरवा समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article