Opium Case : दुर्ग में अफीम की खेती का आरोप…! भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा…5 सवालों से मची सियासी हलचल
सरकार की चुप्पी पर सवाल, नव्या मलिक का भी किया जिक्र
रायपुर/दुर्ग, 07 मार्च। Opium Case : भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। उन्होंने दुर्ग जिले के ग्राम समोदा में एक भाजपा नेता के खेत में कथित रूप से अफीम की खेती होने का आरोप लगाया है और राज्य सरकार को घेरते हुए इसे ‘सुशासन’ नहीं बल्कि ‘सूखा नशा आसन’ बताया है।
अफीम की खेती का आरोप
पूर्व मुख्यमंत्री बघेल ने दावा किया कि दुर्ग के ग्राम समोदा में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के लगभग 10 एकड़ खेत में अफीम के पौधे और फूल उगाए जा रहे हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।
नव्या मलिक का भी किया जिक्र
बघेल ने कथित नशा तस्कर नव्या मलिक का नाम लेते हुए पूछा कि उसका नाम सरकारी सूची से कैसे हट गया। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या वह भाजपा से जुड़े लोगों के ‘प्रोडक्ट’ की मार्केटिंग कर रही थी।
सरकार की चुप्पी पर सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा पर विधानसभा में इस मुद्दे पर स्पष्ट जवाब न देने का आरोप लगाया और कहा कि सरकार मामले को टालने की कोशिश कर रही है।
मुख्यमंत्री और गृहमंत्री से पूछे 5 सवाल
बघेल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और गृहमंत्री विजय शर्मा को टैग करते हुए पांच सवालों के जवाब मांगे हैं-
- अफीम की इस कथित खेती में कौन-कौन से मंत्री और अधिकारी शामिल हैं?
- नव्या मलिक का नाम सरकारी सूची से किसने और क्यों हटाया?
- नव्या मलिक कितनी बार और किन लोगों के साथ विदेश यात्रा पर गई?
- भाजपा नेता विनायक ताम्रकार का मुख्यमंत्री निवास में कितनी बार आना-जाना हुआ?
- विनायक ताम्रकार के किन-किन बड़े नेताओं और अधिकारियों से संबंध हैं?
संदेह को विश्वास में बदल रही कड़ियां
भूपेश बघेल ने कहा कि जिस तरह एक कथित नशा तस्कर का नाम सरकारी सूची से गायब होता है और उसी समय भाजपा नेता के खेत में अफीम उगने की बात सामने आती है, उससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उनके अनुसार ये घटनाएं जनता के संदेह को और मजबूत कर रही हैं। फिलहाल इस मामले पर राज्य सरकार या संबंधित भाजपा नेता की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा सकती है।



