Murder Incident : फिरोजाबाद में सो रहे व्यक्ति की हत्या… नाश्ते की दुकान में मिला खून से सना शव

News Power Zone
3 Min Read
Murder Incident

फिरोजाबाद, 16 मार्च।Murder Incident :जिले में हत्या की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नाश्ते की दुकान में सो रहे एक व्यक्ति की अज्ञात हमलावर ने हत्या कर दी। सुबह जब शव मिला तो इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द खुलासा करने का दावा कर रही है।

दुकान पर सोते समय की गई हत्या

घटना थाना टूंडला क्षेत्र के जरौली चौराहे स्थित सागर रत्न होटल के पास की है। यहां नाश्ते की दुकान में सो रहे 45 वर्षीय तेजपाल सिंह की किसी अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी। तेजपाल सिंह के चेहरे, सिर और शरीर पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उनकी बेरहमी से हत्या की गई है।

आठ दिन पहले ही शुरू की थी दुकान

परिजनों के अनुसार तेजपाल सिंह पहले फिरोजाबाद की एक कांच फैक्ट्री में ठेकेदारी का काम करते थे। कुछ समय पहले काम बंद हो जाने के कारण उन्होंने करीब आठ दिन पहले ही जरौली चौराहे पर नाश्ते की दुकान खोली थी। दुकान पर उनका इकलौता बेटा कौशल भी उनके साथ बैठता था। तेजपाल रोजाना दुकान बंद करने के बाद अपने गांव उलाऊ जाकर खाना खाते और रात में वापस दुकान पर आकर सो जाते थे।

बेटे ने देखा खून से लथपथ शव

परिजनों ने बताया कि रोज की तरह रविवार रात करीब 9 बजे तेजपाल घर से खाना खाकर दुकान पर सोने आए थे। सोमवार सुबह करीब 5 बजे उनका बेटा कौशल दुकान खोलने के लिए पहुंचा। जैसे ही उसने दुकान के अंदर देखा, पिता का खून से सना शव पड़ा मिला। यह देखकर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। बाद में परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। साथ ही परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया गया है।

Share This Article