छत्तीसगढ़

Mission Karmayogi : छत्तीसगढ़ में मिशन कर्मयोगी को रफ्तार देने की पहल…! 17 मार्च को राज्य स्तरीय समिति की पहली बैठक

अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर फोकस

रायपुर, 13 मार्च। Mission Karmayogi : छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों के क्षमता निर्माण को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मिशन कर्मयोगी के क्रियान्वयन को गति देने की दिशा में पहल की है। इसी क्रम में गठित ‘छत्तीसगढ़ राज्य क्षमता निर्माण क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति’ की पहली बैठक 17 मार्च 2026 को अपराह्न 4 बजे मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित होगी। बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाइब्रिड मोड (भौतिक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग) में आयोजित की जाएगी।

सामान्य प्रशासन विभाग के प्रशासनिक मार्गदर्शन में गठित यह समिति राज्य में मिशन कर्मयोगी के तहत चल रहे क्षमता निर्माण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करेगी। साथ ही विभिन्न विभागों में संचालित प्रशिक्षण गतिविधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और क्षमता निर्माण को संस्थागत रूप देने पर भी कार्य करेगी।

सामान्य प्रशासन विभाग के राज्य नोडल अधिकारी (मिशन कर्मयोगी–iGOT) द्वारा जारी पत्र के अनुसार बैठक में अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा iGOT डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के उपयोग की स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा विभिन्न विभागों में चल रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बेहतर समन्वय के उपायों पर भी चर्चा होगी।

बैठक के एजेंडा में राज्य के प्रशिक्षण संस्थानों, विशेष रूप से प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (ATI) और अन्य संस्थाओं की भूमिका को सुदृढ़ करने, डिजिटल लर्निंग को बढ़ावा देने तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी उभरती तकनीकों के उपयोग की संभावनाओं पर विचार शामिल है। इसके साथ ही राज्य स्तर से प्राप्त सुझावों को संकलित कर आगामी राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन के लिए अनुशंसाएँ भी तैयार की जाएंगी। बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के नोडल अधिकारी भाग लेंगे।

छत्तीसगढ़ राज्य क्षमता निर्माण क्रियान्वयन एवं समन्वय समिति

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button