छत्तीसगढ़

Love Affair : पति को छोड़ भांजे संग बनाए संबंध…! जन्मदिन के दिन प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या

तीसरे रिश्ते ने तबाह किया परिवार, प्रेमिका की हत्या कर प्रेमी गिरफ्तार

सूरजपुर, 02 फरवरी। Love Affair : छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी, प्यार और भरोसे के बीच तीसरे व्यक्ति की एंट्री ने एक परिवार की खुशहाल जिंदगी पूरी तरह तबाह कर दी। इस मामले में रिश्तों की मर्यादा टूटने के बाद अंततः एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

जानकारी के अनुसार करीब 9 वर्ष पहले पिंकी सोलंकी ने भैसामुंडा निवासी शिवदास से शादी की थी। काम की तलाश में दंपत्ति अंबिकापुर आकर रहने लगे, जहां उनके एक बेटी भी हुई। शुरुआती वर्षों में परिवार सामान्य रूप से जीवन व्यतीत कर रहा था।

इसी दौरान शिवदास का सगा भांजा हेमंत काम की तलाश में अपने मामा के घर रहने आया। इस बीच हेमंत और पिंकी के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। हालात इस कदर बिगड़ गए कि पिंकी ने अपने पति और मासूम बच्ची को छोड़कर हेमंत के साथ रहना शुरू कर दिया। दोनों के इस रिश्ते से एक बच्चा भी हुआ।

हालांकि जिस प्यार के लिए पिंकी ने अपना परिवार छोड़ा, वही आगे चलकर उसकी मौत की वजह बन गया। आरोपी हेमंत को पिंकी का सोशल मीडिया पर सक्रिय रहना और अन्य लोगों से बातचीत करना पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगा और बीते कुछ महीनों से वे अलग-अलग रहने लगे थे, हालांकि फोन पर बातचीत होती रहती थी।

जन्मदिन के दिन रची गई हत्या की साजिश

29 जनवरी 2026 को आरोपी हेमंत का जन्मदिन था। इसी दिन उसने पिंकी को घुमाने के बहाने सूरजपुर जिले के मोरभंज गांव बुलाया। दोनों ने साथ में केक काटा और शराब का सेवन किया। इसके बाद हेमंत पिंकी को भीड़-भाड़ से दूर एक सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसने दुपट्टे से पिंकी का गला घोंटकर हत्या कर दी। शक होने पर कि पिंकी अभी जीवित हो सकती है, आरोपी ने चाकू से उसका गला भी रेत दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब दो महीने पहले ही इस हत्या की साजिश रच ली थी।

आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

शव मिलने के बाद जयनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की। एडिशनल एसपी सूरजपुर योगेश देवांगन ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी हेमंत को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button