Featuredकोरबासामाजिक

Korba : महिलाओं ने संभाली हर बूथ की कमान, कल कोरबा शहरी विस में नारी शक्ति कराएंगी मतदान

कोरबा। यह पहला मौका है, जब जिले की चार में से कोरबा शहर की एक सम्पूर्ण विधानसभा की कमान महिलाएं संभाल रही हैं। सोमवार को आईटी कॉलेज से अपना अपना वीवीपैट और ईवीएम समेत सभी सामग्री लेकर जाती महिलाओं के चेहरे पर एक मधुर मुस्कान के साथ गौरवान्वित करने वाला गजब का उत्साह नजर आ रहा था। उत्साह और आत्मविश्वास से भरी दिखी मतदान दल की महिलाओं ने कहा कि यह बदलाव का ही नहीं, महिलाओं का भूनदौर है। महिलाएं किसी भी जिम्मेदारी का निर्वहन करने में है पूरी तरह से सक्षम हैं और 7 मई के मतदान में एक नए अध्याय का साक्षी बनने वे काफी उत्सुक हैं।

 

संसदीय क्षेत्र कोरबा में लोकसभा निर्वाचन 2024 अंतर्गत 7 मई को तीसरे चरण का मतदान होगा।
जिले के इतिहास मे पहली बार पूरे एक विधानसभा में निर्वाचन पूर्ण कराने की जिम्मेदारी महिलाओं को सौपीं गई है। कोरबा विधानसभा सीट में 249 मतदान केंद्र हैं और सभी संगवारी बूथ है। यहां पीठासीन अधिकारी सहित मतदान अधिकारी क्रमांक 1, 2, 3 एवं माइक्रो ऑब्जर्वर सभी महिलाएं ही हैं। इसके लिए 1150 महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। लोकसभा निर्वाचन 2024 के तहत सामग्री वितरण के दौरान महिला मतदान अधिकारियों में गजब का उत्साह रहा। सभी पूरे उत्साह से अपने जिम्मेदारियों का निर्वहन के लिए रवाना हुए। उन्होंने यह साबित कर दिया कि महिलाएं किसी काम करने के लिए पीछे नहीं हैं उनका उत्साह देखकर सभी का मन प्रफुल्लित हुआ।

 

 

महिलाओं का इस प्रकार का उत्साह समाज के लिए प्रेरणाप्रद है। उनकी सक्रिय भागीदारी समाज में समानता और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण होती है। ऐसी गतिविधियों से महिलाओं के सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्तिकरण में मदद मिलती है।

 

अपने पोलिंग बूथ में शत प्रतिशत मतदान पूर्ण कराएंगी : शालिनी

युवा पीठासीन अधिकारी की जिम्मेदारी निभाने जा रही सुश्री शालिनी देवांगन ने बताया की वह जल संसाधन विभाग में उपअभियंता के पद पर कार्यरत है। लोकसभा निर्वाचन में उन्हें पीठासीन अधिकारी के रूप में जेलगांव के युवा मतदान केंद्र सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय में चुनाव पूर्ण कराने की जिम्मेदारी मिली है। शालिनी कहती है यह महिलाओं का दौर है। महिलाएं किसी से कम नही। महिलाएं किसी भी जिम्मेदारी का निर्वहन करने में पूरी तरह सक्षम है और आगे भी बड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन महिलाएं करेंगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन कराने जैसी बड़ी जिम्मेदारी मिलने पर वह काफी उत्साहित है। उन्हें बहुत खुशी है कि लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता निभाने का अवसर मिला है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने उन पर भरोसा दिखाते हुए चुनाव की जिम्मेदारी दी है। जिसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगी। उनके साथ युवा मतदान टीम है। जिनके सहयोग से वह ज्यादा लोगों को मतदान के लिए प्रेरित कर अपने पोलिंग बूथ में शत प्रतिशत मतदान पूर्ण कराएंगी। शालिनी का उत्साह और आत्मविश्वास सभी महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

सामर्थ्य, सुगमता और सरलता से निभाएंगे दायित्व : प्रभावती

युवा मतदान केंद्र में मतदान अधिकारी क्रमांक 1 के रूप में नियुक्त सुश्री प्रभावती पटेल ने बताया कि वह ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कोरबा में पदस्थ है। लोकसभा चुनाव 2024 में उनकी ड्यूटी जेलगांव क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल के बूथ क्रमांक 21 में लगी है। उन्होंने बताया कि आयोग का यह दृष्टिकोण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उनकी पूरी टीम में उमंग व्याप्त है। जिनके उत्साह और सामर्थ्य से निर्वाचन प्रक्रिया सुगमता से और सरलता पूर्वक संपादित होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव कराने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना उनके लिए बड़े गर्व की बात है। जिसका निर्वहन में हम अपनी शत प्रतिशत भूमिका निभाएंगे एवं पूरी गम्भीरता व जिम्मेदारी से कर्तव्यों का पालन करेंगे।

निष्ठा एवं जिम्मेदारी पूर्वक करेंगी निर्वहन : दीक्षा

जमनीपाली के आत्मानंद विद्यालय में माइक्रो ऑब्जर्वर के दायित्व का निर्वहन कर रही केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 2 की पीजीटी टीचर सुश्री दीक्षा गुप्ता ने कहा कि निर्वाचन कार्य में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर उन्हें बहुत प्रसन्नता हो रही है। महिलाओं की सशक्तीकरण में यह बहुत अच्छा प्रयास है। उन्होंने कहा कि वह बहुत ज्यादा उत्साहित है। निर्वाचन में कार्य करने का यह उनका पहला अनुभव है। जिससे उन्हें बहुत कुछ नया सीखने को मिला है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण में उन्होंने माइक्रो ऑब्जर्वर के कार्यो को गहनता से समझा है और पूरे आत्मविश्वास से उस दायित्व को निभाने को तत्पर हैं। दीक्षा ने मतदान की उपयोगिता समझाते हुए कहा कि आपका वोट बहुमूल्य है। लोकतंत्र की मजबूती में सभी की सहभागिता आवश्यक है। आप सभी वोट कर अपने लिए योग्य उम्मीदवार का चयन कर सकते है। उन्होंने आमजनों से मतदान अपील करते हुए कहा कि अपने घरों से निकलकर अनिवार्य रूप से मतदान करें।

Related Articles

Back to top button